Uttarakhand Tunnel Rescue: 400 घंटे बाद टनल से बाहर निकाले गए सभी 41 मजदूर, बांटी गई मिठाइयां
उत्तरकाशी की सिलक्यारा टनल में फंसे 41 श्रमिकों को बचा लिया गया है। 400 घंटे बाद टनल से बाहर निकले श्रमिकों को देखकर बाहर खड़े लोगों की आंखें छलक उठी। इस बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह के साथ बचाए गए श्रमिकों का स्वागत किया।
वहीं, सुरंग के बाहर मिठाइयां बांटी गई।सुरंग के अंदर फंसे एक श्रमिक के एक रिश्तेदार ने अपने दिल हल्का करते हुए कहा कि मैं बहुत खुश हूं।

आपको बता दें कि 12 नवंबर को सुरंग का एक हिस्सा धंस गया था, जिसका मलबा सुरंग के सिलक्यारा किनारे के 60 मीटर के हिस्से में गिरा, जिससे निर्माणाधीन ढांचे के अंदर 41 मजदूर फंस गए थे। 17 दिनों की कड़ी मेहनत के बाद मंगलवार सुबह सिलक्यारा सुरंग में मलबे के बीच पाइप बिछाने का काम पूरा हो गया। रैट-होल माइनर्स को अपने ड्रिलर्स के साथ उत्तरकाशी में सुरंग से बाहर निकाला। सीएम धामी ने बचाव कार्य में लगे श्रमिकों और कर्मियों के मनोबल और साहस की जमकर सराहना की।
गडकरी ने एजेंसियों को धन्यवाद दिया
केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने बचाव कार्यों में शामिल एजेंसियों को धन्यवाद देने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स का सहारा लिया। उन्होंने कहा कि मैं पूरी तरह से राहत महसूस कर रहा हूं और खुश हूं क्योंकि सिलक्यारा टनल हादसे में फंसे 41 मजदूरों को सफलतापूर्वक बचा लिया गया है। यह कई एजेंसियों द्वारा किया गया एक समन्वित प्रयास था, जो हाल के सालों में सबसे महत्वपूर्ण बचाव अभियानों में से एक था। अनेक चुनौतियों का सामना करने के बावजूद विभिन्न विभाग और एजेंसियां एक-दूसरे के पूरक बने। सभी के अथक और ईमानदार प्रयासों और सभी की प्रार्थनाओं से यह ऑपरेशन संभव हो सका।












Click it and Unblock the Notifications