Uttarakhand panchayat election result भाजपा या कांग्रेस किसका पलड़ा भारी, किन दिग्गजों के लिए खतरे के संकेत
Uttarakhand panchayat election result 2025: उत्तराखंड में पंचायत चुनावों के परिणाम सामने आ गए हैं। अब ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत अध्यक्षों के लिए दांव पेंच शुरू हो गए हैं। इस बीच भाजपा और कांग्रेस दोनों अपनी अपनी जीत के दावे कर रहे हैं। हालांकि चुनाव परिणाम में भाजपा के कई दिग्गजों को हार का सामना करना पड़ा है।
जबकि कांग्रेस समर्थित कई चेहरे जीतकर आए हैं। ऐसे में कांग्रेस के लिए ये परिणाम थोड़ा सुखद माने जा रहे हैं। प्रदेश भर में भाजपा के कई विधायक, पूर्व विधायकों के परिजन चुनाव हारे हैं। जिसको लेकर कांग्रेस काफी उत्साहित हैं। कांग्रेस का दावा है कि जनता ने भाजपा को नकार दिया है।

किन दिग्गजों के लिए खतरे के संकेत-
- पौड़ी में भी जिला पंचायत सदस्य की कई सीटों पर भाजपा समर्थिक दिग्गज नेताओं को हार का सामना करना पड़ा। लैंसडाउन सीट से भाजपा विधायक महंत दिलीप रावत की पत्नी नीतू रावत को कांग्रेस प्रत्याशी ज्योति पटवाल ने हराया। भाजपा के 18, कांग्रेस के 16 और 4 निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे हैं।
- अल्मोड़ा जिले में सल्ट विधानसभा सीट से बीजेपी की सीटिंग विधायक महेश जीना का बेटा पंचायत चुनाव हार गया। महेश जीना का बेटा करन जीना स्याल्दे की बबलिया क्षेत्र पंचायत सीट पर चुनाव हार गया है।
- नैनीताल जिले में जिला पंचायत सदस्य सीट भवालीगांव से बीजेपी विधायक सरिता आर्या के बेटे चुनाव हार गए हैं। सरिता आर्या के बेटे को कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार यशपाल आर्या ने 1200 मतों से शिकस्त दी है।
- अल्मोड़ा जिले में भी बीजेपी के दिग्गज नेता को दोहरा झटका लगा है। यहां पंचायत चुनाव में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के मंडल अध्यक्ष और उनकी पत्नी दोनों ही चुनाव हार गए हैं। भैंसियाछाना ब्लॉक की नौगांव सीट से भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के मंडल अध्यक्ष संतोष कुमार राम चुनाव हारे। संतोष कुमार राम की पत्नी पूजा देवी डूंगरलेख सीट से चुनाव हारी।
- कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आए चमोली से पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी की पत्नी निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष रजनी भंडारी को रानों वार्ड से बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा है।
- नैनीताल जिले में जिला पंचायत सदस्य पद पर बीजेपी की प्रत्याशी निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया को करारी हार मिली।
- उत्तरकाशी में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष और पूर्व ब्लॉक प्रमुख भी अपनी सीट नहीं बचा पाए। वहीं भाजपा समर्थित करीब छह से सात सीटें तो आई हैं, लेकिन उनके दिग्गज अपनी सीट नहीं बचा पाए। भटवाड़ी विकासखंड में पूर्व दो ब्लॉक प्रमुख सहित पुरोला में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष हार गए।
- पुरोला में जिला पंचायत सीट पर रामा वार्ड से भाजपा के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सतेंद्र राणा निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण से करीब 1200 मतों के अंतर से हार गए। भटवाड़ी से पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनीता रावत करीब डेढ़ सौ मतों से अपने प्रतिद्वंद्वी से हार गईं। साथ ही पूर्व में भटवाड़ी ब्लॉक प्रमुख रहे और जिला पंचायत सदस्य चंदन पंवार इस बार तीसरे नंबर पर रहे। उनकी पत्नी भी चुनाव हार गई।
कांग्रेस की बात करें तो कांग्रेस ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के नतीजे पार्टी के पक्ष में आने का दावा किया हैं। प्रदेश कांग्रेस वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना का दावा है कि राज्य के 12 में से आठ जिलों में जिला पंचायत बोर्ड गठन में सफल होगी। धस्माना ने कहा कि चकराता विधायक व पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के पुत्र अभिषेक सिंह ने बर्नाड वात्सिल जिला पंचायत सदस्य सीट पर जीत दर्ज की है।
देहरादून जिले में वीरेंद्र सिंह (मंगरोली), श्याम सिंह चौहान (राएगी), प्रवीण रावत (बायला), केशर सिंह (मोहना), अमिता वर्मा (लाखामंडल), दीवान सिंह तोमर (आरा), चंद्रोटी पुंडीर, पिंकी रोहिला (एटनबाग), हेमलता (केदारवाला), संजय किशोर (नवाबगढ़) और सुखविंदर कौर (माजरी ग्रांट) जैसे कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है।
चमोली जनपद से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांग्रेस समर्थित विपिन फर्स्वाण (पिलांग), विक्रम सिंह कठैत (सिमली), जयप्रकाश पंवार (देवड़खदौरा), साक्षी नेगी (कोठली), कामेश्वरी नेगी (मालसी) और कलावती देवी (चौंडा) ने विजय प्राप्त की है।
भाजपा ने पंचायत चुनाव के नतीजों को ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रिपल इंजन सरकार का स्पष्ट संकेत बताया है। प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि पार्टी के सभी समर्थित जिला पंचायत सदस्यों, क्षेत्र पंचायत और प्रधान, वार्ड मेंबर पर निर्वाचित सभी पार्टी कार्यकर्ताओं की जीत से आम जन मे उत्साह है और यह सीएम पुष्कर सिंह धामी के विकास के विजन पर मुहर है। उन्होंने दावा किया कि 12 में से अधिकतर जिला पंचायतों पर भाजपा का बोर्ड बनेगा।












Click it and Unblock the Notifications