Uttarakhand news:विधानसभा में पेश हुआ समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का विधेयक, आज ही हो सकता है पास
Uttarakhand news Uniform Civil Code (UCC) उत्तराखंड विधानसभा सत्र के दूसरे दिन समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का विधेयक पेश कर दिया गया है। सूत्रों की मानें तो आज की चर्चा के बाद इसे सदन से पास करवा दिया जाएगा। जिसके लिए सारे कामों को छोड़कर यूसीसी पर चर्चा कराई जाएगी।

उत्तराखंड विधानसभा के पटल पर आज बहुप्रतीक्षित विधेयक यूसीसी को पेश कर दिया गया है। इसके बाद इस पर चर्चा शुरू होगी। बता दें कि बिल के पेश होने से पहले ही कांग्रेस ने इसकी प्रक्रिया को लेकर विरोध दर्ज किया है। बता दें कि सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण की अध्यक्षता में कार्यमंत्रणा बैठक में तय हुआ कि आज प्रश्नकाल और कार्यस्थगन तक नहीं होगा।
यूसीसी पर चर्चा के साथ ही राज्य आंदोलनकारियों के आरक्षण पर प्रवर समिति की रिपोर्ट को पटल रखा जाएगा। इससे नाराज नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह ने कार्यमंत्रणा समिति से इस्तीफा दे दिया। विपक्ष की मांग की थी कि यूसीसी पर चर्चा के लिए समय दिया जाए।
कांग्रेस का कहना है कि वे यूसीसी के विरोध में नहीं है, लेकिन इसको पढ़ना जरूरी है। जिसके लिए विपक्ष को समय दिया जाए। सोमवार शाम को कांग्रेस विधायक दल ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) से प्रदेश सरकार के नियम विरुद्ध सदन चलाने की शिकायत की।
आज सुबह सीएम पुष्कर सिंह धामी यूसीसी का ड्राफ्ट लेकर सदन के लिए निकले। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के ही नहीं, देशभर के लोग यूसीसी की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उत्तराखंड के लिए युगांतकारी समय है। पूरे देश की नजर हम पर है। मातृ शक्ति के उत्थान के लिए सभी दलों के सदस्य सकारात्मक रूप से चर्चा में भाग लें। सरकार जनता से किया वादा पूरा करने जा रही है। यह मौका सौभाग्य से उत्तराखंड को मिल रहा है, जिसकी देश को लंबे समय से आवश्यकता थी।











Click it and Unblock the Notifications