Uttarakhand News: सीएम धामी ने उर्जा विभाग की समीक्षा बैठक ली, विद्युत उत्पादन बढ़ाने के दिए निर्देश
Uttarakhand News: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में उर्जा विभाग की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य में विद्युत उत्पादन बढ़ाने की दिशा में तेजी से कार्य किए जाए। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आगामी 5 साल में प्रदेश में विद्युत उत्पादन दुगुना करने के लिए तीनों निगमों यूपीसीएल, यूजेवीएनएल और पिटकुल को समन्वय के साथ कार्य करें।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण की मूल अवधारणा में ऊर्जा और पर्यटन रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षाकाल को ध्यान में रखते हुए सभी ट्रांसफार्मर का सेफ्टी ऑडिट भी किया जाए। राज्य में तेजी से स्थापित हो रहे औद्योगिक संस्थानों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए विद्युत उत्पादन बढ़ाने की दिशा में तेजी से प्रयास किए जाए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वर्तमान में जिन लघु जलविद्युत परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। उन्हें तेजी से पूर्ण किया जाए। सरकारी भवनों में सोलर रूफटॉप के माध्यम से विद्युत उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना से अधिक से अधिक युवाओं को स्वरोजगार मिले। इस दिशा में और प्रयास किए जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि राज्य में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लोगों को अधिक से अधिक मिले। उन्होंने नए बिजली घरों के निर्माण तथा ट्रांसमिशन लाईन अपडेट करने की कार्रवाई में तेजी लाने और लाईन लॉस को कम करने के लिए भी प्रभावी योजना पर कार्य करने एवं विद्युत लाईनों को भूमिगत किए जाने की योजनाओं पर तेजी से कार्य करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में जानकारी दी गई कि राज्य में 121 मेगावाट क्षमता की 6 लघु जलविद्युत परियोजनाएं आंवटित की गई हैं। जिनमें से 24 मेगावाट की मेलेखेत और 21 मेगावाट की खुटानी जल विद्युत परियोजना दिसम्बर 2026 तक पूर्ण हो जाएगी। जबकि 22.80 मेगावाट की बर्नीगाड और 06 मेगावाट की रयात जल विद्युत परियोजना पर आगामी दो वर्षों में कार्य आरंभ किया जायेगा।
इस दौरान बैठक में उपाध्यक्ष अवस्थापना अनुश्रवण परिषद विश्वास डाबर, मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम, अपर सचिव रंजना राजगुरू, अहमद इकबाल, एमडी यूजेवीएनएल संदीप सिंघल, एमडी पिटकुल यूसी ध्यानी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।












Click it and Unblock the Notifications