Uttarakhand: चारधाम यात्रा के श्रद्धालुओं के लिए पौष्टिक भोजन की पहल, ‘आज से थोड़ा कम’ अभियान की शुरुआत
Uttarakhand 'Aaj Se Thoda Kam' Campaign: उत्तराखंड सरकार ने चारधाम यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को सेहतमंद और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 'आज से थोड़ा कम' अभियान की शुरुआत कर दी है। हर साल लाखों श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए उत्तराखंड आते हैं और इस दौरान उनकी सेहत का ख्याल रखना एक बड़ी चुनौती होती है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के निर्देश पर यह अभियान शुरू किया गया है। इस कैंपेन का उद्देश्य यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को पौष्टिक और स्वास्थ्यवर्धक भोजन उपलब्ध कराना है।

स्वास्थ्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त एवं स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि यह पहल खासतौर पर उन खाद्य पदार्थों को ध्यान में रखकर बनाई गई है जिनमें नमक, चीनी और वसा की मात्रा अधिक होती है। इस पहल के जरिए सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि यात्रा मार्ग पर परोसे जाने वाले भोजन में पोषण संतुलन हो और उसे इस प्रकार तैयार किया जाए कि वह स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक न हो।
ये भी पढ़ें: जानिए कौन हैं IAS अधिकारी आनंद बर्द्धन, जो बनेंगे उत्तराखंड के नए और 18 वें मुख्य सचिव
अभियान का उद्देश्य
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त एवं स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य भोजन में नमक, चीनी और वसा की मात्रा को नियंत्रित करना है। इससे हृदय रोग, मधुमेह और हाई ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियों से बचाव हो सकेगा।
रेस्तरां और भोजनालयों को प्रोत्साहित किया जा रहा है कि वे शेफ और खाद्य विशेषज्ञों के साथ मिलकर सेहतमंद व्यंजन तैयार करें। साथ ही, फ्लेक्स बैनर, पोस्टर और डिजिटल माध्यमों से लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है।
'RUCO पहल' भी शुरू
स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सरकार ने 'री-पर्पज यूज़्ड कुकिंग ऑयल (RUCO)' पहल भी शुरू की है। इसका उद्देश्य बार-बार इस्तेमाल किए गए तेल के दुष्प्रभावों को रोकना है। प्रयुक्त तेल को एग्रीगेटर नेटवर्क के माध्यम से इकट्ठा किया जाएगा और उसे बायोडीजल, साबुन और अन्य गैर-खाद्य उत्पादों में बदला जाएगा। इससे पर्यावरण भी सुरक्षित रहेगा।
'ट्रिपल EEE रणनीति' का पालन
खाद्य सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने 'ट्रिपल EEE रणनीति' (Educate, Enforce, Establish) लागू की है।
- Educate: लोगों को प्रयुक्त तेल के नुकसान के बारे में जानकारी देना।
- Enforce: खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराना।
- Establish: प्रयुक्त तेल के संग्रहण और निस्तारण के लिए एक सुदृढ़ प्रणाली बनाना।
सरकार का उद्देश्य
आयुक्त एवं स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों को सुरक्षित और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। 'आज से थोड़ा कम' और 'RUCO' जैसी पहलों से न केवल स्वास्थ्य सुरक्षा होगी बल्कि पर्यावरण की सुरक्षा भी होगी।
अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी का बयान
अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी ने कहा कि उनकी टीम यात्रा मार्ग पर खाद्य सुरक्षा मानकों को लागू करने के लिए पूरी तरह से तत्पर है। किसी भी तरह की मिलावट या असुरक्षित भोजन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी भोजनालयों को साफ-सफाई और सुरक्षा मानकों का पालन करने की सलाह दी है।
इन सभी प्रयासों का उद्देश्य चारधाम यात्रा मार्ग पर सुरक्षित और सेहतमंद भोजन उपलब्ध कराना है, जिससे लाखों श्रद्धालु स्वस्थ और सुरक्षित तरीके से अपनी यात्रा पूरी कर सकें।
ये भी पढ़ें: उत्तराखंड की CS राधा रतूड़ी 31 मार्च को होंगी रिटायर, मिल सकती है नई जिम्मेदारी, कौन बनेगा मुख्य सचिव












Click it and Unblock the Notifications