अमर शहीद तात्या टोपे की पुण्यतिथि आज, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने किया नमन
Uttarakhand News: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक अमर शहीद तात्या टोपे को उनकी पुण्यतिथि पर नमन किया है। सीएम धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर अपनी पोस्ट में लिखा कि 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक अमर शहीद तात्या टोपे जी की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि। आपकी महान शौर्यगाथा देश की आने वाली पीढ़ियों को अनंत काल तक प्रेरणा प्रदान करती रहेगी।

भारत में आजादी की लड़ाई शुरू करने वाले कई बड़े नामों में एक नाम तात्या टोपे का भी है, जिन्होंने न केवल 1857 के स्वतंत्रता संग्राम की नींव रखी, बल्कि पूरे देश में आजादी की चेतना जगाने का काम भी किया और गुलामी को अपनी तकदीर मान चुकी देश की जनता को यह बताया कि आजादी क्या होती है? और उसे हासिल करना कितना जरूरी है। तात्या टोपे का असली नाम रामचंद्र पाण्डुरंग टोपे था।
तात्या टोपे ने 1857 की क्रांति में अंग्रेजों से जमकर लोहा किया था। उन्होंने 18 जून, 1858 को महारानी लक्ष्मीबाई की वीरगति के बाद गुरिल्ला युद्ध की रणनीति अपनाई, एमपी के गुना जिले के चंदेरी, ईसागढ़ समेत शिवपुरी जिले के पोहरी, कोलारस के वनों में गुरिल्ला युद्ध करने की कई कथाएं स्थानीय लोगों में आज भी प्रचलित हैं। सात अप्रैल 1859 को उनको शिवपुरी-गुना के जंगलों में नींद में धोखे से पकड़ लिया गया। 18 अप्रैल, 1859 की शाम ग्वालियर के निकट तात्या टोपे को फांसी दे दी गई थी।












Click it and Unblock the Notifications