UP CM योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड के निकाय चुनाव में मांगेगे वोट, जानिए इसके पीछे BJP की रणनीति
UP CM Yogi Adityanath news: उत्तराखंड में निकाय चुनाव के लिए यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भी प्रचार करेंगे। योगी भाजपा के मेयर प्रत्याशियों के लिए वोट मांगेगे। भाजपा ने योगी को निकाय चुनाव के लिए स्टार प्रचारक बनाकर तीन जनसभाएं करने की रणनीति बनाई है।
सीएम योगी आदित्यनाथ हल्द्वानी, ऋषिकेश और रुड़की में जनसभा करेंगे। भाजपा एक साथ पहाड़, मैदान और तराई तीनों जगहों को साधने की कोशिश में है। इसके साथ ही ऋषिकेश क्षेत्र योगी की जन्मस्थली भी है। ऐसे में योगी की जनसभाओं के जरिए भाजपा उत्तराखंड की सभी 11 मेयर की सीटों पर फोकस करेगी।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने निकाय चुनाव में योगी के दौरे को लेकर कहा कि भाजपा किसी भी चुनाव को छोटा या बड़ा मानकर नहीं चलती है। हम सभी चुनावों को समान भाव से पूर्णतया गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ लड़ते हैं। हमारे लिए हर चुनाव महत्वपूर्ण होता है कोई छोटा या बड़ा नहीं होता। कांग्रेस के लोग चुनाव को बड़ा मानते हैं वह उनके विषय है। हम चुनाव को प्रभावी रूप से लेते हैं गंभीरता से लेते हैं। हमारे स्टार प्रचारकों की सूची में योगी जी का नाम है क्योंकि उत्तराखंड की जनता और पार्टी के कार्यकता उन्हें सुनना चाहता है।
वे यहां के मूल निवासी भी हैं ऐसे उनका स्वागत तो कांग्रेस को भी करना चाहिए। उन्होंने योगी के आने से हिंदू मुस्लिम ध्रुवीकरण के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस को उत्तराखंड में मुसलमान की अनावश्यक चिंता किस बात की है जबकि भाजपा की सरकार में वह सबसे अधिक सुरक्षित और खुशहाल है।
अब योगी के आने से देवभूमि में सनातन संस्कृति और राष्ट्रीयता की भावना अधिक जागृत होती है तो कांग्रेस को दिक्कत क्यों होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि दरअसल कांग्रेस योगी को लेकर भ्रम और झूठ फैलाकर मुस्लिम समाज को डराकर उनके वोट को कब्जाना चाहती है। लेकिन उत्तराखंड की जनता बेहद समझदार है, उनके झांसे में नहीं आने वाली है।
भाजपा ने मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष समेत स्टार प्रचारकों के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दे दिया है। जिसकी शुरुआत कर्णप्रयाग से सीएम धामी के कार्यक्रम से होगा। सीएम धामी आज 11 जनवरी, कर्णप्रयाग से इसका आगाज करेंगे। इसी क्रम में 13 जनवरी को देहरादून के अतिरिक्त 20 जनवरी तक के कार्यक्रम तय कर दिए गए हैं। वहीं प्रदेश अध्यक्ष भी 12 जनवरी से राज्य निकायों में 40 से अधिक कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।
इसी तरह पूर्व मुख्यमंत्रियों, सांसदों और कैबिनेट मंत्रियों एवं अन्य स्टार प्रचारकों से बातचीत कर उनके कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया गया। प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन के लिए अल्मोड़ा, देहरादून और श्रीनगर ने राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी का भी समय लिया जा रहा है। वहीं बैठक में जानकारी दी गयी कि सभी 3 निर्विरोध और 6 समर्थन निकाय अध्यक्षों को छोड़कर शेष सभी 93 स्थानों पर चुनाव कार्यालय संचालित हो रहे हैं।
साथ ही संवाद केंद्रों, प्रचार सामग्री, साहित्य वितरण, मीडिया रणनीति, रैली सभाओं, चुनाव आयोग से संपर्क आदि तमाम चुनाव संबंधी कार्यों की समीक्षा की गई। आने वाले दिनों की चुनाव सभाओं को प्रभावी बनाने और जनसंख्या की दृष्टि से सफल बनाने की रणनीति को अंतिम रूप दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications