देहरादून में हुई अनोखी शादी, यहां पांच भाइयों की एक दिन हुई बारात, पांच गांवों से एक साथ आई दुल्हन
Dehradun wedding: उत्तराखंड के देहरादून में एक अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ये शादी काफी वायरल हो रही है। चकराता के जौनसार बावर में पांच भाइयों ने एक ही दिन शादी रचाई।क्षेत्र के पंजिया गांव में दो भाइयों, कलम सिंह और देशराज, के परिवार में पांच बेटों की शादी एक ही दिन तय हुई।
गंभीर सिंह, गजेंद्र, गोविंद, राहुल और मुकुल, ये पांचों भाई एक ही मंडप से बारात लेकर निकले। हालांकि ये जौनसार के लिए आम शादी है, लेकिन बाहरी लोगों के लिए ये शादी काफी चर्चा का विषय बनी हुई है। अब शादी का कार्ड भी वायरल हो रहा है।

कार्ड में पांचों भाइयों के नाम छपे थे। कार्ड भी बहुत सादा था। इसमें दिखावा बिल्कुल नहीं था। दादा, परदादा, चाचा, भाई, सभी के नाम कार्ड पर थे। पांचों भाइयों की बारात अलग-अलग गांवों से अपनी दुल्हनें लेकर आई। बता दें कि जौनसार बावर अपनी अनोखी परंपराओं के लिए जाना जाता है।
यहां संयुक्त परिवार आज भी देखने को मिलते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जोनसार में आज भी संयुक्त परिवार की प्रथा है। जौनसार के इस परिवार ने एक अनोखा उदाहरण प्रस्तुत किया है, जहां पांच शादियों का कुल खर्च एक ही शादी के खर्च के बराबर रहा, जो सादगी और संयम की भावना को दर्शाता है।
ऐसा बहुत कम देखने को मिलता है कि जब एक ही परिवार में एक साथ पांच विवाह संपन्न हो रहे हो। जौनसार बावर के गांव पंजीया के निवासी कलम सिंह और देशराज ने विधिवत शादी के कार्ड प्रकाशित कर अपने सगे संबंधियों को निमंत्रण देकर इस विवाह में आमंत्रित किया।
गांववासियों के लिए यह सामान्य बात है क्योंकि जौनसार बावर में एक साथ एक ही परिवार में तीन-चार विवाह इससे पूर्व भी संपन्न हुए हैं। परंतु इस बार पांच विवाह एक साथ संपन्न होना जौनसार बावर में चर्चा का विषय है।












Click it and Unblock the Notifications