UKSSSC: समूह-ग के पदों की भर्ती, परीक्षा से दो घंटे पहले एंट्री, गेट पर बायोमेट्रिक हाजिरी,जानिए नए नियम क्या
UKSSSC: यूकेएसएसएससी पेपरलीक प्रकरण सामने आने के बाद उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के सामने नई परीक्षाओं के सफल आयोजन की चुनौतियां सामने हैं। जिसके लिए आयोग पूरी तरह से तैयार नजर आ रहा है। 5 अक्टूबर को होने वाली सहकारी निरीक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर आयोग ने रणनीति तैयार कर ली है।
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने बोर्ड बैठक में समूह-ग के पदों की सभी भर्ती परीक्षाएं निर्धारित तिथियों पर कराने का निर्णय लिया है। पांच अक्तूबर की परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। आयोग ने तय किया है कि सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा से दो घंटे पहले एंट्री होगी।

पांच अक्तूबर की परीक्षा के लिए 8:30 से 10:30 बजे के बीच गेट पर ही चेकिंग, बायोमेट्रिक हाजिरी होगी। इसके बाद ही प्रवेश मिलेगा। छात्रों को अपने सभी सामान बाहर रखने होंगे, आयोग लॉकर की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं कराएगा। किसी भी तरह की डिवाइस भीतर नहीं ले जा सकेंगे।
पेपर लीक विवाद में फंसी स्नातक स्तरीय परीक्षा के बाद आगामी भर्तियों पर संकट के बादल छाए हुए थे। जीएस मर्तोलिया की अध्यक्षता में यूकेएसएसएससी की बोर्ड बैठक हुई। बैठक में पांच अक्तूबर को होने वाली सहकारिता की परीक्षा के साथ ही आगामी भर्ती परीक्षाओं पर चर्चा हुई।
आयोग पांच अक्तूबर को सहकारी निरीक्षक, सहायक विकास अधिकारी सहकारिता की परीक्षा के बाद 12 अक्तूबर को सहायक कृषि अधिकारी वर्ग-1 और प्राविधिक सहायक वर्ग-1 की परीक्षा कराएगा। 28 अक्तूबर से वन दरोगा भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी।
नए नियम होंगे लागू-
- सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा से दो घंटे पहले एंट्री होगी।
- 11 बजे से परीक्षा शुरू होती है, 8:30 से 10:30 बजे के बीच गेट पर ही चेकिंग, बायोमेट्रिक हाजिरी होगी। इसके बाद ही प्रवेश मिलेगा।
- छात्रों को अपने सभी सामान बाहर रखने होंगे, आयोग लॉकर की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं कराएगा।
- किसी भी तरह की डिवाइस भीतर नहीं ले जा सकेंगे।
- सभी परीक्षा केंद्र हॉटलाइन के माध्यम से यूकेएसएसएससी से जुड़ेंगे।
- सभी केंद्रों पर सीसीटीवी लगेंगे, जिनका कंट्रोल रूम आयोग कार्यालय में होगा।
- आयोग कार्यालय से परीक्षा संबंधी गतिविधियों की सीधे निगरानी की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications