राहुल गांधी ने देहरादून से मोदी को ललकारा, जानिए रैली की 5 अहम बातें
राहुल गांधी ने दून से मोदी को ललकारा, सैनिक, पुरोहित, महंगाई, रोजगार पर किया फोकस
देहरादून, 16 दिसंबर। उत्तराखंड में देहरादून के परेड मैदान से कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने चुनावी शंखनाद कर दिया है। राहुल गांधी की रैली के जरिए कांग्रेस ने एक साथ कई समीकरणों को साधने की कोशिश की है। राहुल गांधी ने भी अपने संबोधन में मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला तो दूसरी तरफ अपना और अपने परिवार को उत्तराखंड के साथ शहादत का रिश्ता भी समझाने का प्रयास किया। राहुल की रैली के जरिए कांग्रेस ने मंच पर सैनिक परिवार और पुरोहितों को खास जगह देकर भाजपा को कड़ी चुनौती दी है। साथ ही जिस तरह की भीड़ राहुल की रैली में नजर आई, उसने भाजपा की नींद उड़ाने का काम जरुर किया है।
Recommended Video

शहादत के जरिए भावनात्मक पहल
विजय दिवस पर उत्तराखंड के देहरादून से राहुल गांधी ने चुनाव से पहले प्रदेश में कांग्रेस की विजय का शंखनाद कर दिया है। राहुल गांधी ने अपने संबोधन में अपने परिवार इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की शहादत का जिक्र करते हुए जनता को भावनात्मक तरीके से जोड़ने की कोशिश की। राहुल ने कहा कि शायद मेरे परिवार का और उत्तराखंड का गहरा रिश्ता है। आज यहां आकर मुझे वो दिन याद आया जब 31 अक्टूबर को मेरी दादी इस देश के लिए शहीद हुईं थी। फिर मुझे 21 मई का दिन याद आया, जिस दिन मेरे पिता इस देश के लिए शहीद हो गए। मैं वो दिन कभी नहीं भूल सकता जब मुझे स्कूल में बताया गया कि इंदिरा गांधी को 32 गोलियां लगी हैं। ऐसे ही बताया कि आपके पापा शहीद हो गए। मेरा और आपका कुर्बानी का रिश्ता है। जो कुर्बानी के उत्तराखंड के हजारों परिवारों ने दी है। वही कुर्बानी मेरे परिवार ने दी है। अपने संबोधन से पहले राहुल ने हाल ही में हवाई हादसे में शहीद हुए जनरल बिपिन रावत को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद राहुल गांधी ने पूर्व सैनिकों को स्मृति चिन्ह देकर उनका सम्मान किया।

मोदी पर जमकर प्रहार
राहुल गांधी ने देहरादून के परेड मैदान से मोदी को जमकर प्रहार किया। राहुल ने कहा कि आज देश को बांटा जा रहा है, कमजोर किया जा रहा है। पूरी सरकार दो तीन पूंजीपतियों के लिए चलाई जा रही है। काले कानून, किसानों के खिलाफ उनकी मदद नहीं उन्हें खत्म करने को बनाए गए थे। किसान न डरे और न पीछे हटे। जिसके एक साल बाद प्रधानमंत्री हाथ जोड़कर कहते दिखे कि गलती हो गई, माफी मांगता हूं। जो 700 किसान शहीद हुए, उनके बारे में भाजपा के नेता सदन में कहते हैं कि किसी की मृत्यु नहीं हुई। पंजाब सरकार ने 400 किसानों को मुआवजा दिया, लेकिन केंद्र सरकार ने नहीं दिया। राहुल ने कहा कि नोटबंदी के बाद गलत जीएसटी, उसके बाद कोरोना के समय हिंदुस्तान के सबसे बड़े उद्योगपति को टैक्स माफ, लेकिन मजदूरों को बस या ट्रेन का टिकट नहीं दिया। चाहे नोटबंदी हो या जीएसटी या कोरोना में सरकार के एक्शन... ये तीनों काम हिंदुस्तान के किसानों, छोटे कारोबारियों पर कुछ बड़े पूंजीपतियों के आक्रमण हैं।

महंगाई बढ़ने की असली वजह, मोदी की मार्केटिंग
राहुल ने महंगाई बढ़ने की असली वजह बताई, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मार्केटिंग। राहुल ने कहा कि महंगाई, यह क्यों है? इंटरनेशनल मार्केट में तेल के दाम गिरते जा रहे हैं। दुनिया में सबसे ज्यादा टैक्स हिंदुस्तान में है। नरेंद्र मोदी ने 10 लाख करोड़ रुपए आपसे छीनकर करोड़पतियों का कर्ज माफ किया है। आपकी जेब से जो पैसा निकल रहा है, वह देश के चंद अरबपतियों की जेब में जा रहा है, क्योंकि वो नरेंद्र मोदी की मार्केटिंग करते हैं। राहुल गांधी ने कहा कि गंगा में बहुत लोगों ने स्नान किया, लेकिन ऐसा लगता है कि हिंदुस्तान में केवल एक ही व्यक्ति ने गंगा स्नान किया है। वहां योगीजी को परमिशन नहीं दी, बाकी का तो छोड़ो। नरेंद्र मोदी एक ही हिंदुस्तानी हैं जो गंगा में स्नान कर सकते हैं।

जब तक केंद्र से भाजपा सरकार नहीं हटेगी, तब तक रोजगार नहीं
उत्तराखंड में कांग्रेस रोजगार को अहम मुद्दा बना रही है। ऐसे में राहुल के संबोधन में खास जगह दी गई। राहुल ने कहा कि आपके सामने सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी की है। आपके लोग पलायन करते हैं। राहुल ने कहा कि उत्तराखंड में रोजगार तब आएगा जब छोटे व्यापारियों की मदद होगी। दो-तीन पूंजीपतियों को पूरा धन देने से उत्तराखंड आगे नहीं जा सकता। कहा कि जब हमारी सरकार आएगी तो किसानों की मदद होगी, रोजगार देगी, कानून बनाएगी लेकिन किसानों के लिए बनाएगी। राहुल ने कहा कि जो लोग आपको रोजगार दे सकते हैं, उन छोटे कारोबारियों, व्यापारियों को भाजपा ने खत्म कर दिया। कहा कि मोदी केवल पूंजीपतियों की नीतियों को चला रहे हैं। जब तक केंद्र से भाजपा की सरकार नहीं हटेगी, तब तक रोजगार नहीं मिलेगा।

सैनिक और पुरोहितों को मंच में जगह, क्या मिलेगा आशीर्वाद
राहुल की रैली के जरिए कांग्रेस ने मंच से शहीद परिवारों को भी सम्मानित किया। इस तरह से भाजपा के सैनिक परिवारों को साधने का कांग्रेस ने विजय दिवस पर जबाव भी दिया। इसके साथ ही कांग्रेस ने मंच पर पंडा समाज को भी जगह दी। जिन्होंने शंख ध्वनि और स्वस्ति वचन के जरिए कांग्रेस को चुनाव में जीत का आशीर्वाद भी दिया। इस तरह कांग्रेस ने एक ही कार्यक्रम के जरिए कई समीकरणों को साधने की कोशिश की है।

रैली में भीड़, उड़ी भाजपा की नींद
राहुल गांधी की रैली के जरिए कांग्रेस ने चुनावी शंखनाद तो कर दिया साथ ही भाजपा की नींद भी उड़ा दी है। रैली में जिस तरह की कार्यकर्ताओं ने नेताओं की भीड़ जुटी, वह ऐतिहासिक मानी जा रही है। रैली में भीड़ को देखकर कांग्रेसी गदगद नजर आ रहे हैं। उत्तराखंड के कोने कोने से भीड़ रैली में पहुंची थी। ये बात अलग है कि हर जगह रैली के जरिए उम्मीदवार अपनी दावेदारी जताने में जुटे थे।












Click it and Unblock the Notifications