बंदूकें लेकर नाचने वाले विधायक की बीजेपी में वापसी का विरोध, लोग बोले- ऐसे दागी की जरूरत नहीं
अल्मोड़ा। उत्तराखंड में खानपुर के विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की पुन: बीजेपी में वापसी होने पर विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। प्रणव को कुछ महीनों पहले बीजेपी की आलाकमान द्वारा अनिश्चितकाल के लिए निलंबित कर दिया गया था। प्रणव वही विधायक हैं, जो हाथ और मुंह में तमंचे लेकर शराब पार्टी किए थे। उनके वीडियो सोशल साइट्स पर वायरल हो गए थे। उन्होंने लोगों को धमकियां भी दी थीं।

अल्मोड़ा में विरोध शुरू
बहरहाल, प्रणव के दोबारा भारतीय जनता पार्टी में वापसी करने पर विरोध शुरू हो गया है। आज अल्मोड़ा में आम आदमी पार्टी द्वारा चैंपियन की बीजेपी में पुनः वापसी समेत भाजपा के द्वारहाट विधायक महेश नेगी को लेकर विरोध जताते हुए बीजेपी की कार्य-प्रणाली पर सवाल खड़े किये। आम आदमी पार्टी के कुमाऊं प्रभारी अमित जोशी के नेतृत्व में आप कार्यकर्ताओ ने नगर के चौघानपाटा चौक में एकत्रित होकर सरकार और चैंपियन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

ऐसे दागी नेता की जरूरत नहीं
अमित जोशी ने कहा कि उत्तराखंड हमारी मातृ भूमि है, जिसे यहाँ के लोगों ने काफी संघर्षों से प्राप्त किया है। लेकिन चैंपियन जैसा एक अहंकारी विधायक उत्तराखंड को गाली देता है और बेटियों की इज्जत से खेलता है। ऐसे लोगों को बीजेपी अपने सर माथे पर बैठा रही है। बीजेपी की चाल-चरित्र व चेहरे की असली हकीकत यही है। अमित बोले कि, लोग यही कहेंगे कि, ऐसे दागी-बागी नेताओं की उत्तराखंड को कोई जरूरत नहीं है। आम आदमी पार्टी इसका सडकों पर उतरकर विरोध करेगी।













Click it and Unblock the Notifications