शीतकालीन यात्रा का संदेश देने पीएम मोदी 27 फरवरी को आएंगे उत्तरकाशी के हर्षिल-मुखबा,ये है कार्यक्रम और तैयारी
PM MODI NEWS: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शीतकालीन यात्रा का संदेश देने 27 फरवरी को उत्तरकाशी जिले के हर्षिल-मुखबा आएंगे। मुखबा गंगोत्री धाम का शीतकालीन स्थल है। राज्य सरकार ने पीएम के दौरे को लेकर तैयारी तेज कर दी है। मुख्य सचिव राधा रतूडी पीएम मोदी के कार्यक्रम की तैयारियेां का जायजा लेने मुखबा हर्षिल जांएगी।
पीएम के दौरे को लेकर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उन्होंने पीएम से शीतकालीन यात्रा पर आने का अनुरोध किया था। उन्होंने आशा व्यक्त की कि पीएम के आने से शीतकालीन यात्रा को और बढ़ावा मिलेगा। सीएम ने कहा शीतकालीन यात्रा आने वाले समय में उत्तराखंड की आर्थिकी के लिए मील का पत्थर साबित होगी।

उन्होंने कहा कि यात्रा बंद होने के बाद जिन कारोबारी के कारोबार में गिरावट आती थी शीतकालीन यात्रा के माध्यम से उन्हें भी पूरे साल रोजगार प्राप्त होगा। सीएम ने कहा कि जब भी प्रधानमंत्री उत्तराखंड आते हैं तो उसे अवश्य ही उत्तराखंड को लाभ मिलता है।
प्रधानमंत्री की प्रस्तावित यात्रा को लेकर शासन-प्रशासन के स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस सिलसिले में मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने अधिकारियों की बैठक लेकर प्रस्तावित कार्यक्रम की रूपरेखा एवं तैयारियों की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के हर्षिल-मुखवा में प्रस्तावित कार्यक्रमों के दौरान तय प्रोटोकॉल और सुरक्षा प्रबंधों को ध्यान में रख सभी तैयारियां समय से सुनिश्चित की जाय।
मुख्य सचिव ने कहा कि अधिकारियों के साथ वह स्वयं हर्षिल-मुखवा जाकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण करेंगी और सभी व्यवस्थाओं को परखेंगी। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री द्वारा मुखवा मंदिर में दर्शन-पूजन सहित हर्षिल में जनसभा के प्रस्तावित कार्यक्रम की उपयुक्त व्यवस्था की जाय और पार्किंग व परिवहन व्यवस्था को लेकर भी कारगर इंतजाम किए जाय।
उन्होंने सचिव पर्यटन को हर्षिल में उत्तराखंड के शीतकालीन पर्यटन स्थलों की प्रदर्शनी आयोजित करने के निर्देश देने के साथ ही कहा कि इस अवसर पर राज्य के स्थानीय उत्पादों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाय। इस अवसर पर जिलाधिकारी उत्तरकाशी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने बताया कि प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिले में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। हर्षिल में उद्यान विभाग के परिसर में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए समतलीकरण का कार्य कराया जा चुका है। मुखवा में मंदिर व गांव के भवनों का सौंदर्यीकरण करने साथ ही मंदिर के लिए सुविधाजनक व सुरक्षित रास्ते का निर्माण किया गया है।
हर्षिल-मुखवा क्षेत्र की सड़कों को दुरस्त किया जा रहा है। हर्षिल में बगोरी हेलीपैड तक सड़क का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और निकटवर्ती अन्य हेलीपैड भी चाक-चौबंद किए जा रहे हैं। हर्षिल व मुखवा में पार्किंग निर्माण करने के साथ ही गंगोत्री राजमार्ग पर भी पार्किग के इंतजाम किए जा रहे हैं। इस क्षेत्र में तीन नये स्मार्ट टॉयलेट्स बनाए जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications