निकाय चुनाव:भाजपा में सियासी तूफान,पूर्व विधायक की सीएम और प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात के बाद कैसे बदलेगी सियासत
निकाय चुनाव आते ही एक बार फिर उत्तराखंड की सिसायत में नए समीकरण सामने आने लगे हैं। भाजपा खेमे से एक तस्वीर सामने आते ही सियासी तूफान आने के संकेत मिल रहे हैं। रुद्रपुर के पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल की सीएम धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट से मुलाकात के बाद घर वापसी के चर्चे शुरू हो गए हैं।
इस मुलाकात के बाद राजकुमार ठुकराल भाजपा के देहरादून दफ्तर में भी पहुंचे। जिसके बाद से ठुकराल के भाजपा में आने के फिर से चर्चे शुरू हो गए हैं। ठुकराल ने कहा कि वे भाजपा के अलावा दूसरे दल में शामिल नहीं हुए हैं। ऐसे में उन्हें अपनी पार्टी दफ्तर आने से कोई रोक नहीं सकता है।

रुद्रपुर के पूर्व विधायक और बागी निर्दलीय चुनाव लड़ चुके राजकुमार ठुकराल की सीएम पुष्कर सिंह धामी, भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत सीनियर नेताओं से मुलाकात के बाद नए सियासी मायने तलाशे जा रहे हैं।
बता दें कि रुद्रपुर नगर निगम में मेयर पद के लिए पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और उनके भाई संजय ठुकराल ने नामांकन कराया था। इसके बाद राजकुमार को भाजपा ने साधने की कोशिश की। इसका जिम्मा खुद प्रदेश अध्यक्ष और सीएम धामी ने लिया। राजकुमार सीधे सीएम से मिलने देहरादून पहुंच गए। जहां प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत कई दिग्गज मौजूद रहे। जिसमें निकाय चुनाव को लेकर लंबी चर्चा हुई। ठुकराल ने समर्थकों से बातचीत कर फैसला लेने की बात की।
इसके बाद रुद्रपुर पहुंचते ही ठुकराल ने बैठक की। जहां से खबर आ रही है कि नगर निगम में मेयर पद के निर्दलीय उम्मीदवार पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और उनका भाई संजय ठुकराल अपना पर्चा वापस लेंगे। दोनों भाजपा प्रत्याशी विकास शर्मा को चुनाव लड़ाएंगे। समर्थकों से राय के बाद राजकुमार ठुकराल ने यह फैसला लिया है। ठुकराल ने सीएम को दिए आश्वासन के बाद ये फैसला लिया।
अब माना जा रहा है कि ठुकराल जल्द भाजपा भी ज्वाइन करेंगे। 2022 में भाजपा से टिकट कटने के बाद ठुकराल ने बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ा। हालांकि वे चुनाव हार गए। अब ठुकराल के निकाय चुनाव में दावेदारी करते ही भाजपा में वापसी तय मानी जा रही है। सीएम धामी के लिए सभी नगर निगम की सीटों को जीतने की चुनौती है।












Click it and Unblock the Notifications