नैनीताल लोकसभा सीट: ऐतिहासिक सीट पर मोदी के मंत्री और राहुल गांधी के करीबी का मुकाबला, कौन मारेगा बाजी
उत्तराखंड की नैनीताल सीट ऐतिहासिक और कई मायनों में खास है। इस बार इस सीट पर भाजपा के अजय भट्ट के सामने कांग्रेस के प्रकाश जोशी चुनावी मैदान में हैं। मोदी सरकार में केंद्रीय राज्य मंत्री रहे अजय भट्ट दूसरी बार नैनीताल सीट से किस्मत आजमांएगे। जबकि राहुल गांधी के करीबी प्रकाश जोशी लोकसभा के चुनाव में पहली बार चुनावी मैदान में हैं। खास बात ये है कि दोनों ब्राह्रमण चेहरे हैं। ऐसे में दोनों दलों के सामने जातिगत फैक्टर को साधने की भी चुनौती है।

ऐतिहासिक है नैनीताल सीट
नैनीताल लोकसभा सीट में नैनीताल व उधम सिंह नगर जिले की 14 विधानसभाएं हैं। नैनीताल जिले की पांच और उधम सिंह नगर जिले की नौ विधानसभाएं शामिल हैं। नैनीताल सीट से पंडित गोविंद बल्लभ पंत परिवार और एनडी तिवारी का खास नाता रहा। इस वजह से ये सीट काफी ऐतिहासिक है।
जब पीएम पद के दावेदार चुनाव हारे
सीट 1991 में चर्चा में आई जब कांग्रेस के एनडी तिवारी को भाजपा के बलराज पासी ने हरा दिया। उस समय चर्चा थी कि एनडी तिवारी पीएम पद के दावेदार थे। वर्ष 1952 से 2008 तक नैनीताल लोकसभा क्षेत्र था। वर्ष 2008 में परिसीमन के बाद इसे नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के नाम से जाना गया। इस सीट पर कांग्रेस के केसी सिंह बाबा और भाजपा के पूर्व सीएम भगत सिंह कोश्यारी भी दो बार सांसद रह चुके हैं।
अजय भट्ट ने हरीश रावत को हराया
पिछले चुनाव यानि 2019 में इस सीट से अजय भट्ट को भाजपा ने टिकट दिया। अजय भट्ट ने कांग्रेस के पूर्व सीएम हरीश रावत को भारी मतों से परास्त किया। अब अजय भट्ट का सामना प्रकाश जोशी से है। अजय भट्ट वर्तमान सरकार में रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री रहे। वे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। जो कि सरल, सहज व्यवहार के लिए जाने जाते हैं।
विधायक का चुनाव हार चुके जोशी
कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश जोशी युवा और राहुल गांधी के करीबी हैं। जिनको कांग्रेस हाईकमान ने टिकट देकर सबको चौंकाया है। इस सीट पर पूर्व सांसद महेंद्र पाल का दावा मजबूत माना जा रहा था। लेकिन हाईकमान ने प्रकाश जोशी पर विश्वास जताया। प्रकाश जोशी दो बार कालाढ़ूंगी सीट से विधानसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। लेकिन दोनों बार भाजपा के बंशीधर भगत से हारे।
एक नजर नैनीताल सीट
'नैनीताल जिला' :
भीमताल
हल्द्वानी
कालाढूंगी
लालकुआं
नैनीताल
'उधम सिंह नगर जिला' :
बाजपुर
गदरपुर
जसपुर
काशीपुर
खटीमा
किच्छा
नानकमत्ता
रुद्रपुर
सितारगंज












Click it and Unblock the Notifications