बद्रीनाथ धाम मंदिर परिसर में 50 मीटर के दायरे में रील्स बनाना पड़ा महंगा, 8 घंटे फोन जब्त, चालान भी वसूला
बदरीनाथ धाम मंदिर परिसर के 50 मीटर के दायरे में वीडियोग्राफी व रील्स बनाने पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने ऐसे 15 लोगों पर कार्रवाई करते हुए चालानी कार्रवाई की है। साथ ही मोबाइल फोन जब्त कर हिदायत देने के बाद छोड़ा गया।

उत्तराखंड सरकार ने चारों धामों में भीड़ को देखते हुए इस बार कई नए नियम लागू किए हैं। जिसमें मंदिर परिसर के 200 मीटर की रेंज में मोबाइल पर पाबंदी और 50 मीटर के दायरे में वीडियोग्राफी और रील्स बनाने पर कार्रवाई करने के निर्देश जारी हो गए हैं।
पुलिस का कहना है कि वर्तमान में धामों में रील्स व वीडियोग्राफी के ट्रेंड के बढ़ते चलन के कारण श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। जिसको देखते हुए राज्य सरकार ने श्री बद्रीनाथ धाम मन्दिर परिसर की परिधि के 50 मीटर में वीडियोग्राफी व रील्स को प्रतिबन्धित किया गया।
इसको देखते हुए थाना बद्रीनाथ पुलिस द्वारा मन्दिर परिसर में वीडियोग्राफी व रील्स बनाने वाले 15 व्यक्तियों के मोबाइल फोन 08 घंटे जब्त रखने व चालानी कार्रवाई करने के बाद सख्त हिदायत के मोबाइल स्वामियों को सुपुर्द किया गया।
उत्तराखंड में चारों धाम के साथ ही हिंदू धार्मिक स्थलों पर रील बनाने पर रोक लगनी शुरू हो गई है। हरिद्वार में भी कई मंदिरों में रील बनाने पर रोक लग गई है।
चारों धाम में व्यवस्थाएं सुधारने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने 200 मीटर की रेंज में मोबाइल और 50 मीटर में वीडियोग्राफी के साथ रील बनाने पर रोक लगा दी है। माना जा रहा है कि ऐसे लोगों की वजह से भीड़ को व्यवस्थित करना आसान नहीं होता है।
मोबाइल की वजह से मंदिर में काफी परेशानी हो रही है। साथ ही काफी अव्यवस्थाएं हो जाती है। दरअसल हर कोई अपनी बेहतर और अच्छी वीडियो बनाने के लिए आगे जाने की कोशिश में भी व्यवस्थाएं खराब हो जाती है।












Click it and Unblock the Notifications