Lok sabha chunav 2024: इस हॉट सीट से प्रियंका गांधी को लड़ाने की चर्चा तेज,जानिए कांग्रेस के अंदर क्या है हलचल
Lok sabha chunav 2024: उत्तराखंड में लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस तैयारियों में जुट गई है। ऐसे में अब सबकी नजर प्रत्याशी चयन को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। सबसे ज्यादा चर्चा उत्तराखंड की वीआईपी सीट हरिद्वार की हो रही है। हरिद्वार से कांग्रेस का एक खेमा प्रियंका गांधी को चुनाव मैदान में उतारने की मांग कर रहा है। ऐसे में हरिद्वार में टिकट को लेकर चल रही दावेदारी अब एक नए मोड़ पर आ गई है।

कांग्रेस ने उत्तराखंड में अपनी लोकसभा चुनाव को लेकर चल रही तैयारी तेज कर दी है। संगठन स्तर पर भी सीनियर नेताओं की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। इस बीच प्रत्याशियों की दावेदारी भी सामने आने लगी है। साथ ही किस सीट पर कौन प्रमुख दावेदार हो सकता है, इसको लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। इस समय सबसे ज्यादा चर्चा हरिद्वार सीट की है।
कांग्रेस का एक खेमा इस सीट पर प्रियंका गांधी को चुनाव लड़ाना चाहता है। जिसके पीछे ये तर्क दिया जा रहा है कि प्रियंका को लड़ाने के बाद किसी तरह का विवाद नहीं होगा और सब एकजुट होकर कांग्रेस के पक्ष में प्रचार प्रसार करेंगे।
अभी तक हरिद्वार सीट पर पूर्व सीएम हरीश रावत और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत की दावेदारी सामने आ चुकी है। दोनों ही इस सीट से प्रबल दावेदार नजर आ रहे हैं। लेकिन प्रियंका का नाम सामने आने के बाद कांग्रेस में हलचल तेज हो गई है।
कांग्रेस सूत्रों का दावा है कि जिलाध्यक्षों की बैठक में कुछ पदाधिकारियों ने प्रियंका को हरिद्वार सीट से उम्मीदवार बनाए जाने की मांग उठाई थी। कांग्रेस की 26 जनवरी को पांचों लोकसभा सीटों में प्रत्याशियों को लेकर पार्टी की केंद्रीय स्क्रीनिंग कमेटी उत्तराखंड आएगी। जिसके सामने ये मुददा उठाया जा सकता है। माना जा रहा है कि स्क्रीनिंग कमेटी अपने स्तर पर लोकसभा क्षेत्रों में सर्वे कराएगी।
कांग्रेस इस बार चुनाव में किसी तरह का रिस्क नहीं लेना चाहती है। पार्टी जिताउ प्रत्याशी पर ही दांव खेलना चाहेगी। हरिद्वार सीट के समीकरण के हिसाब से यहां पर कांग्रेस भाजपा को कड़ी टक्कर दे सकती है। इस सीट पर देहात में कांग्रेस और अन्य दलों का मजबूत वोट बैंक है।
जो कि माना जा रहा है कि कांग्रेस को लोकसभा में मदद कर सकता है। ऐसे में अगर कोई बड़ा चेहरा या गांधी परिवार का सदस्य इस सीट से चुनाव लड़े तो काफी सकारात्मक माहौल बन सकता है। ऐसे में कांग्रेस का एक खेमा प्रियंका को हरिद्वार से मैदान में उतारने की वकालत कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications