HMPV को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया अलर्ट, जानिए बचाव के लिए क्या करें, क्या न करें
HMPV ALERT: ह्यूमन मेटान्यूमो वायरस (एचएमपीवी) की रोकथाम को लेकर उत्तराखंड में भी स्वास्थ्य महकमा अलर्ट है। स्वास्थ्य निदेशालय ने सभी जिलों को रोकथाम व बचाव के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों में संक्रमित मरीजाें के लिए उपचार के लिए आइसोलेशन बेड व ऑक्सीजन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। हालांकि राहत की बात ये है कि प्रदेश में अभी इस वायरस से संबंधित कोई केस नहीं आया है।

प्रभारी स्वास्थ्य महानिदेशक डाॅ. सुनीता टम्टा ने सभी जिलों के डीएम व सीएमओ को सभी अस्पतालों में इन्फ्लूएंजा व निमोनिया रोगियों के उपचार के लिए आइसोलेशन बेड, वार्ड, आईसीयू बेड, वेंटिलेटर, ऑक्सीजन की व्यवस्था करने को कहा है। इसके अलावा सभी मेडिकल कॉलेज, जिला चिकित्सालय, संयुक्त चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में दवाइयों के साथ चिकित्सा उपकरण, डॉक्टर व नर्सिंग स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
चिकित्सालय और समुदाय स्तर पर इन्फ्लूएंजा व सर्दी खांसी, बुखार, निमोनिया से पीड़ित मरीजों को सघन निगरानी की जाएगी। इस बीच देहरादून के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल दून अस्पताल में डॉक्टर्स और प्रबंधन के बीच इमरजेंसी मीटिंग बुलाई गई। जिसमें किसी भी तरह के संकट से गुजरने को तैयार रहने और हर मोर्चे को लेकर अवेयर होने के निर्देश जारी किए गए हैं। बता दें कि कोविड काल में भी दून अस्पताल ने बड़ी अहम भूमिका निभाई थी।
बचाव के लिए क्या करें
बच्चों व बुजुर्गों के साथ अन्य किसी अन्य गंभीर रोग से ग्रसित मरीज विशेष सावधानी बरतें।
छींकते व खांसते समय नाक व मुंह को ढकने के लिए रुमाल और टिश्यू पेपर का इस्तेमाल करें।
भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें।
साबुन से हाथों को धोएं, सर्दी, जुकाम, बुखार के लक्षण होने पर डॉक्टरों से परामर्श लें।
वायरस के लक्षण पाए जाने पर दूसरे लोगों से दूरी बनाएं।
क्या न करें
इस्तेमाल किए गए टिश्यू पेपर व रुमाल का दोबारा उपयोग न करें। हाथ मिलाने से परहेज करें, संक्रमित लोगों से नजदीकी संपर्क से बचें। बिना डॉक्टरों के परामर्श से कोई दवा का इस्तेमाल न करें।
बार-बार आंख, नाक, व मुंह को छूने से बचें।












Click it and Unblock the Notifications