Haldwani news: अतिक्रमण स्थल पर खुल गई पुलिस चौकी,घायल महिला पुलिसकर्मियों ने किया उद्घाटन,जानिए क्या है संदेश
हल्द्वानी में हुई हिंसा के बाद धामी सरकार लगातार सख्त कदम उठा रही है। अतिक्रमणकारियों को सख्त संदेश देते हुए धामी सरकार ने अतिक्रमण स्थल पर पुलिस थाना खोलने का निर्णय लिया था। जिसके आदेश का पालन करते हुए 24 घंटे में पुलिस चौकी खुल गई है। साथ ही पुलिस थाना खोलने के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। खास बात ये है कि पुलिस चौकी का उद्घाटन हिंसा में घायल हुई महिला पुलिसकर्मियों ने किया है।

हल्द्वानी के बनभूलपुरा में जिस अतिक्रमण वाली जगह को लेकर हिंसा हुई थी, वहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर पुलिस चौकी खोल दी गई है। बता दें कि एक दिन पहले सीएम धामी ने अतिक्रमण स्थल पर पुलिस थाना खोलने की घोषणा की थी। जिसका अनुपालन करते हुए पुलिस ने प्रभावी सुरक्षा और कानून व्यवस्था स्थापित करने के लिये नैनीताल पुलिस द्वारा उक्त अतिक्रमण स्थल पर घोषणा के 24 घण्टे के भीतर ही पुलिस चौकी स्थापित की गयी है।
जिसका उद्घाटन हिंसा के दौरान घायल 02 महिला उपनिरीक्षकों द्वारा किया गया। इस मौके पर पुलिस उपमहानिरीक्षक कुमांयू योगेन्द्र सिंह रावत भी मौजूद रहे। चौकी में 01 उप निरीक्षक व 04 कान्सटेबलों की तैनाती की गयी है साथ ही मौके पर पी0ए0सी0 व पैरामिलेट्री सुरक्षा बल भी तैनात किये गये हैं।
इसी स्थान पर थाने के निर्माण के लिए प्रस्ताव शासन में भेजा जा रहा है। इस बीच नैनीताल पुलिस की कार्रवाई भी जारी है। पुलिस ने 06 उपद्रवियों को 02 अवैध तमन्चा 06 जिन्दा कारतूस व 02 खोखे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभी तक कुल 36 उपद्रवियों को जेल भेजा है।
अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हुए हमला और हिंसक घटना में संलिप्त उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिये एसएसपी नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा ने एसपी सिटी हरबन्स सिंह के नेतृत्व में विभिन्न टीमों का गठन किया गया है। पुलिस टीमों द्वारा घटनास्थलों के पास के सीसीटीवी के अवलोकन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटनास्थलों के आसपास स्थित घरों में दबिश दी गयी।
मुकदमों में पूर्व में 30 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध हथियार व कारतूस बरामद किये गये। इसी कडी में पुलिस द्वारा बनभूलपुरा में घटित हिंसक घटना में संलिप्त शेष उपद्रवियों में से 06 उपद्रवियों को 02 अवैध तमन्चाए 06 जिन्दा कारतूस व 02 खोखे के साथ गिरफ्तार किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications