ट्रेनिंग,लाइसेंस और गाड़ी सब की व्यवस्था करेगी सरकार,बिना पैसा खर्च किए महिलाएं बनेंगी सारथी, जानिए कैसे
उत्तराखंड में महिलाओं को रोजगार से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार महिला सारथी परियोजना को ला रही है। जिसमें महिलाएं ओला उबर की तर्ज पर महिला सारथी बनकर यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाती हुई नजर आएंगी।
खास बात ये है कि इसमें महिलाओं का एक पैसा भी खर्च नहीं होगा। प्रोजेक्ट की ट्रेनिंग से लेकर लाइसेंस और गाड़ी तक की व्यवस्था सरकार कराएगी। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग इस प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है।

मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि इसमें ऐसी महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी जो आर्थिक रूप से कमजोर, विधवा या परित्यक्ता हों। महिलाओं को परिवहन विभाग ड्राइविंग का प्रशिक्षण देगा और उनके ड्राइविंग लाइसेंस बनाए जाएंगे। इन महिलाओं के लिए ही वाहनों की व्यवस्था एक संस्था के सीएसआर फंड और निर्भया योजना के फंड से की जानी प्रस्तावित है। इसमें लाभार्थी महिलाओं को कोई पैसा खर्च नहीं करना पड़ेगा।
इन गाड़ियों के संचालन के लिए एक पूरी तरह प्रोफेशनल मोबाइल एप बनाया जाएगा, उसमें यूजर इंटरफेस तकरीबन वैसा ही होगा जैसा आजकल ऑनलाइन गाड़ियां बुक करने वाली कमर्शियल कंपनियों के एप में होता है। मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि वाहनों में महिला चालकों की सुरक्षा के मद्देनजर कई फीचर शामिल होंगे।
इन वाहनों की जीपीएस ट्रैकिंग नियमित रूप से होगी ताकि महिला चालक या सवारी में से किसी को भी सुरक्षा संबंधी समस्या होने पर तुरंत मदद मिल सके। इस योजना में पुलिस और परिवहन विभाग भी शामिल होंगे, इसलिए इन विभागों के उच्च अधिकारियों के साथ जल्द ही एक प्रेजेंटेशन किया जाएगा। पायलट प्रोजेक्ट के लिए देहरादून में पहले ही महिलाओं को ड्राइविंग का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
महिला सारथी प्रोजेक्ट की खास बातें-
- आर्थिक रूप से कमजोर, विधवा या परित्यक्ता महिलाओं को वरीयता
- परिवहन विभाग ड्राइविंग का प्रशिक्षण देगा
- विभाग की ड्राइविंग लाइसेंस बनाएंगे।
- वाहनों की व्यवस्था संस्था के सीएसआर फंड और निर्भया योजना के फंड से किया जाएगा।
- लाभार्थी महिलाओं को कोई पैसा खर्च नहीं करना पड़ेगा।
- गाड़ियों के संचालन के लिए प्रोफेशनल मोबाइल एप बनाया जाएगा।
- ऑनलाइन गाड़ियां बुक करने वाली कमर्शियल कंपनियों के एप की तरह यूजर इंटरफेस होगा
- वाहनों में महिला चालकों की सुरक्षा के मद्देनजर कई फीचर शामिल होंगे।
- वाहनों की जीपीएस ट्रैकिंग नियमित रूप से होगी












Click it and Unblock the Notifications