G20: उत्तराखंड में क्या होगा असर, जानिए कौन सी सेवाएं रहेंगी प्रभावित, यहां मिलेगी सटीक जानकारी
दिल्ली में आयोजित होने वाली जी-20 समिट का असर उत्तराखंड में भी साफ नजर आएगा। उत्तराखंड से दिल्ली आने जाने वाली बसों का रूट प्रभावित हो सकता है। इसके साथ ही केदारनाथ हेली सेवा को भी 5 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है।
दिल्ली में आयोजित होने वाली जी-20 समिट का असर उत्तराखंड में भी साफ नजर आएगा। उत्तराखंड से दिल्ली आने जाने वाली बसों का रूट प्रभावित हो सकता है। इसके साथ ही केदारनाथ हेली सेवा को भी 5 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। ऐसे में सरकार की ओर से लगातार पहल की जा रही है कि इस बीच किसी को कोई असुविधा न हो, इसके लिए जरुरी जानकारी लेकर यात्रा करने से बचें।

दिल्ली में जी-20 सम्मेलन के चलते दिल्ली पुलिस ने कई ट्रैफिक रूट को बदला है। इससे उत्तराखंड से दिल्ली जानें वाली बसें भी प्रभावित रहेंगी। दिल्ली के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम करीब साढ़े चार सौ बसों का नियमित संचालन प्रदेशभर से करता है। दिल्ली पुलिस ने मार्ग परिवर्तन के अनुसार बसों व अन्य वाहनों का संचालन करने के निर्देश दिए हैं।
इसमें बताया गया है कि बसों को दिल्ली सीमा पर रिंग रोड पर रोका जा सकता है। उत्तराखंड परिवहन निगम ने समस्त डिपो के सहायक महाप्रबंधकों को मार्ग की स्थिति के अनुसार बसों का संचालन करने के आदेश दिए हैं। सभी चालक व परिचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि अगर दिल्ली सीमा पर बसों को रोका जाता है तो बसों का संचालन सीमा क्षेत्र से ही किया जाए।
जी-20 समिट के चलते आगामी नौ व 10 सितंबर को कई मार्गों को डाइवर्ट कर दिया है। दिल्ली आने वाले यात्रियों को इन दो दिनों में असुविधा न हो, इसके लिए दिल्ली पुलिस की ओर से उत्तराखंड शासन को इसकी लिखित में जानकारी दी है। साथ ही अपेक्षा की कि इस बारे में अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि इससे आमजन अनावश्यक परेशानियों से बच सकें। नई दिल्ली में दो दिन जी-20 में विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्ष और कई हस्तियां मौजूद रहेंगी।
इसको देखते हुए आवश्यक पाबंदियों एवं नियमों का पालन कराया जा रहा है। दिल्ली पुलिस की ओर से उत्तराखंड को जानकारी दी गई है कि दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक वर्चुअल हेल्प डेस्क का संचालन भी traffic.delhipolice.gov.in/dtpg20info किया जा रहा है। साथ ही दिल्ली पुलिस के सभी सोशल मीडिया एकाउंट्स व्हाट्सएप नंबर 8750871493 एवं ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 1085/022-25844444 का संचालन भी दिन-रात किया जा रहा है। इसके अलावा कई नेविगेशन एप्स जैसे Mappls map, mapmyindia जो कि एंड्रॉइड एवं एप्पल स्टोर पर उपलब्ध हैं के माध्यम से भी सटीक जानकारी ली जा सकती है।
नौ और 10 सितंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाले जी-20 सम्मेलन के चलते रेलवे ने हरिद्वार से दिल्ली के बीच संचालित होने वाली 12 ट्रेनों को रद्द कर दिया है।
उत्तराखंड से नई दिल्ली जाने वाली बसों के रुट प्रभावित होने के साथ ही आने वाले 5 दिनों तक केदारनाथ में हेली सेवाएं बंद रहेगी। दिल्ली में हो रहे जी-20 समिट की वजह से केदारनाथ में हेलीकॉप्टर सेवाओं को 5 दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। सम्मेलन में आने वाले मेहमानों की सुरक्षा को देखते हुए ये फैसला किया गया है। केदारनाथ हेलिकॉप्टर सेवा 7 से 11 सितंबर तक बंद रहेगी। इस दौरान श्रद्धालुओं को पैदल मार्ग से ही आवाजाही करनी पड़ेगी।












Click it and Unblock the Notifications