सुरंग में फंसे मजदूरों को 9 दिन बाद पहली बार भेजा गया गर्म खाना, सामने आया वीडियो
उत्तरकाशी में निर्माणाधीन सुरंग में फंसे मजदूरों को पहली बार गर्म खाना भेजा गया है। खुद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया के जरिए दी है। दरअसल सुरंग में फंसे मजदूरों के लिए खाना पहुंचाने के लिए दूसरी पाइप को अंदर तक डाला गया है, जिसके जरिए जरूरी सामान अंदर भेजा जा रहा है।
पुष्कर सिंह धामी ने फेसबुक पर यह जानकारी साझा करते हुए कहा, सिल्क्यारा, उत्तरकाशी में निर्माणाधीन टनल में फँसे श्रमिकों को आज 6 इंच व्यास की पाइप मलबे के आरपार होने के बाद पहली बार खिचड़ी भेजी गई है। सभी श्रमिक भाइयों को सकुशल बाहर निकालने हेतु निरंतर बचाव कार्य गतिमान है। मुख्यमंत्री ने इसका वीडियो भी शेयर किया है।

सिलक्यारा, उत्तरकाशी में निर्माणाधीन टनल के अंदर मलबा आने से फँसे श्रमिकों को बाहर निकालने हेतु चल रहे रेस्क्यू अभियान के अंतर्गत मलबे के आरपार 6 इंच व्यास की पाइप लाइन सफलतापूर्वक बिछा दी गयी है। इसके माध्यम से अब श्रमिकों तक आवश्यकतानुसार खाद्य सामग्री, दवाएं और अन्य सामान आसानी से भेजा जाएगा।
बचाव कार्यों में लगी केंद्रीय एजेंसियों, एसडीआरएफ और प्रदेश प्रशासन की टीमों द्वारा अथक परिश्रम किया जा रहा है। सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने हेतु हम युद्ध स्तर पर कार्य कर रहे हैं।
मजदूरों के लिए खाना बना रहे रवि रॉय ने कहा कि सुरंग के भीतर फंसे लोगों को खाना भेजा जाएगा। हमने 41 लोगों के लिए खाना तैयार किया है। हर व्यक्ति के लिए 750 ग्राम खाना तैयार किया गया है। पहली बार उन्हें गर्म खाना भेजा जा रहा है। आज उन्हें खिचड़ी भेजी गई है, इसके अलावा संतरा, सेब भेजा गया है। कल से उन्हें दलिया, और अन्य चीजें भेजी जाएंगी।












Click it and Unblock the Notifications