राजनीति का इमोशनल एंगल: मंत्री पद से इस्तीफा...जब भावुक हुए प्रेमचंद अग्रवाल,अब जनता के बीच जाकर भी निकले आंसू
ऋषिकेश से विधायक प्रेमचंद अग्रवाल के मंत्री पद से हटने के बाद लगातार भावुक नजर आ रहे हैं। पहले इस्तीफे की घोषणा करते समय वे इमोशनल हो गए और भावुक होकर उन्होंने अपने इस्तीफे की घोषणा की और अब ऋषिकेश पहुंचकर भी वे जनता के बीच भावुक हो गए।
इस बीच वहां मौजूद समर्थक भी भावुक हो गए और अग्रवाल के सामने रोष भी प्रकट किया। राजनीति में कई बार नेताओं का भावुक होना और आंसू छलकने की घटना हो चुकी है। राजनीति में इमोशनल एंगल की भी अपनी एक खास जगह है।

बजट सत्र के दौरान प्रेमचंद अग्रवाल ने सदन में पहाड़ को लेकर एक विवादित बयान दिया। जिसके बाद से पूरे प्रदेश में विरोध हुआ। सरकार से लेकर संगठन स्तर पर इसका जबरदस्त दबाव देखने को मिला। इस बीच प्रेमचंद अग्रवाल को इस्तीफा देना पड़ा। इस्तीफे के ऐलान के लिए बुलाई प्रेस कॉन्फ्रेंस में अग्रवाल ने अपने राज्य आंदोलन के समय को याद किया और फिर कहा किे प्रदेश का वातावरण खराब किया गया।
इसके बाद अग्रवाल रो पड़े और रोते रोते इस्तीफे देने का ऐलान कर दिया। इसके बाद अग्रवाल सीधे सीएम पुष्कर सिंह धामी को इस्तीफा सौंपने पहुंच गए। इस्तीफे के बाद व्यापारी और अग्रवाल के समर्थकों ने विरोध करना शुरू कर दिया।
डोईवाला में बाजार बंद किया गया। अग्रवाल सबसे पहले अपने समर्थकों के बीच पहुंचे और ऐसा न करने की अपील की। इसके बाद प्रेमचंद अग्रवाल अपनी विधानसभा ऋषिकेश पहुंचे। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान बड़ी संख्या में बुजुर्ग, युवा भावुक नजर आए। उन्हें देखकर प्रेमचंद अग्रवाल भी भावुक नजर आये। उन्होंने सभी से आपसी सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार के प्रदर्शन आदि न करने की अपील की।
इससे पहले कैबिनेट मंत्री से बर्खास्त होने के बाद हरक सिंह रावत भी रो पड़े थे। जब सीएम धामी ने उन्हें मंत्रीमंडल से बर्खास्त किया तो इस इस कार्रवाई के बाद हरक सिंह रावत भावुक हो गए और वह रोते हुए नजर आए। उन्होंने तब कहा था कि कि बीजेपी ने इतना बड़ा फैसला लेने से पहले मुझसे एक बार भी बात नहीं की। हरक सिंह रावत पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण उनपर ये कार्रवाई हुई।












Click it and Unblock the Notifications