Char Dham Yatra: बारिश का तांडव, फिर रोकी गई चारधाम यात्रा, गढ़वाल जोन के लिए अलर्ट
मौसम विभाग के गढ़वाल मंडल के विभिन्न जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए चारधाम यात्रा कल यानी 7 जुलाई के लिए स्थगित कर दी गई है। गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिये हैं।
उत्तराखंड के 9 जिलों को भारी बारिश के अलर्ट के चलते हाई अलर्ट पर रखा गया है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मौसम विभाग द्वारा कल 7 जुलाई को राज्य के नौ जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा के पूर्वानुमान को देखते हुए सभी संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिये हैं।

सीएम ने भारी बारिश के कारण संभावित आपदाओं को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की भी अपील की है। शासन सख्त निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन और आपदा प्रबंधन विभाग से जुड़े अन्य अधिकारियों को यूएसडीएमए के राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र से सभी जिलों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
बारिश के अलर्ट के बीच व्यवस्थाओं को लेकर सीएम कहा कि जैसे ही आपदा के संबंध में कोई भी सूचना राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र एवं जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को मिले, उस पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
उत्तराखंड में कहां- कहां बारिश?
भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा 07 जुलाई रविवार को अल्मोड़ा, बागेश्वर, चम्पावत, नैनीताल, पिथौरागढ़, ऊधम सिंह नगर जनपद में अनेक जगह भारी से बहुत भारी वर्षा तथा कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। इसके अलावा पौड़ी, चमोली और रुद्रप्रयाग जनपद में कहीं-कहीं बहुत भारी से अत्यंत भारी बारिश तथा कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने का पूर्वानुमान जताया है।
वहीं सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जारी एक संदेश में कहा कि लोग अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान ना दें। सिर्फ जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। खतरे वाली जगहों पर न जाएं और बहुत जरूरी हो तभी आवागमन करें। सीएम ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि आपदाओं से होने वाले जान-माल के नुकसान को रोका जा सके।












Click it and Unblock the Notifications