Char dham yatra 2023: यात्रा पर निकलने से पहले जान लें ये नियम, यात्रा के नियमों में हुए बड़े बदलाव
चारधाम यात्रा 2023 को लेकर इस बार कई नियमों में बदलाव हुए हैं। इस बार मंदिरों में दर्शन के लिए कतार पर नहीं लगना होगा। इसके अलावा बद्रीनाथ व केदारनाथ में पहली बार वीआईपी दर्शन के लिए शुल्क सिस्टम शुरू किया गया है।

चारधाम यात्रा 2023 को लेकर राज्य सरकार और मंदिर समितियां अपने स्तर से तैयारियां शुरू कर चुकी हैं। 22 अप्रैल से शुरू हो रही चारधाम यात्रा से पहले ही पूरी तैयारियां कर नियमों को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस बार यात्रा को लेकर कई नियमों में बदलाव हुए हैं। इस बार मंदिरों में दर्शन के लिए कतार पर नहीं लगना होगा। इसके अलावा बद्रीनाथ व केदारनाथ में पहली बार वीआईपी दर्शन के लिए शुल्क सिस्टम शुरू किया गया है। इसके साथ ही हवाई यात्रा में भी बुकिंग का पूरा सिस्टम बदल गया है साथ ही पैदल मार्गों पर भी इस बार स्वास्थ्य महकमे ने नए सिरे से तैयारियां की है। आइए जानते हैं इस बार यात्रा के नियमों में क्या बदलाव हुए हैं।
दर्शन के लिए लाइन में नहीं लगना पड़ेगा
चारधाम यात्रा के दौरान इस बार तीर्थयात्रियों को दर्शन के लिए लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। दर्शन के लिए टोकन जारी किए जाएंगे। यह टोकन एक-एक घंटे के स्लॉट पर दिए जाएंगे, जो चार घंटे के लिए मान्य होगा। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में मंदिरों के प्रवेश द्वार पर पर्यटन विकास परिषद की ओर से यह टोकन दिए जाएंगे। जिससे किसी श्रद्धालु को घंटे लाइन में इंतजार न करना पड़े।
विशेष दर्शन के लिए वीआईपी को 300 रुपये शुल्क निर्धारित
पहली बार बद्रीनाथ व केदारनाथ में विशेष दर्शन के लिए वीआईपी को 300 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया। श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ समिति (बीकेटीसी) की बोर्ड बैठक में इस पर निर्णय लिया गया है। बीकेटीसी ने बद्रीनाथ व केदारनाथ मंदिरों में दर्शन के लिए आने वाले सभी तरह के वीआईपी से विशेष दर्शन व प्रसाद के लिए प्रति व्यक्ति 300 रुपये शुल्क निर्धारित किया है। बुकिंग कराने वाले के संबंध में मंदिर समिति के पास प्रोटोकाल आएगा। जिसके बाद समिति संबंधित की स्लिप तैयार करेगी व एक कर्मचारी उन्हें दर्शन कराएगा। बीकेटीसी के कार्मिक प्रोटोकॉल की व्यवस्था देखेंगे। इसके तहत दर्शन के लिए आने वाले वीआईपी को बीकेटीसी के कार्मिक ही मंदिरों में दर्शन कराने व प्रसाद वितरण की जिम्मेदारी संभालेंगे। हालांकि गंगोत्री व यमुनोत्री में इस प्रकार को कोई सिस्टम अभी जारी नहीं हुआ है।
पहली बार टिकटों की बुकिंग का जिम्मा रेलवे की तर्ज पर आईआरसीटीसी को
केदारनाथ में हेली सर्विस को पारदर्शी बनाने के लिए पहली बार टिकटों की बुकिंग का जिम्मा रेलवे की तर्ज पर अब आईआरसीटीसी को दिया गया है। अप्रैल के पहले सप्ताह से केदारनाथ हेली सेवा के टिकटों की बुकिंग शुरू हो सकती है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण और आईआरसीटीसी के बीच पहली बार टिकट बुकिंग के लिए एमओयू हुआ है।इस बार हेली सर्विस जहां पहले से महंगी होगी वहीं रिटर्न पॉलिसी में भी बदलाव हुआ है। चारधाम यात्रा के दौरान हेलिकॉप्टर से केदारनाथ की यात्रा पिछले साल से 20 फीसदी अधिक महंगी हो सकती है। साथ ही 24 घंटे पहले अगर बुकिंग कैंसिल किया तो रिटर्न नहीं होगा।
चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए थ्री लेयर हेल्थ सुविधा
चारधाम यात्रा में स्वास्थ्य सुविधाओं पर इस बार केंद्र और राज्य दोनों सरकारों का विशेष फोकस है। पिछले सीजन में यात्रा के दौरान मौत के आंकड़े ने सरकारी सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए थे, लेकिन इस बार सरकारें किसी तरह का कोई रिस्क नहीं उठाना चाहती हैं। इसके लिए सरकार ने इस बार चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए थ्री लेयर हेल्थ सुविधा देने की प्लानिंग की है। इसके लिए 108 एम्बुलेंस, हेल्थ सपोर्ट सिस्टम, एयर एम्बुलेंस से लेकर ड्रोन से इस बार यात्रा पर निगरानी रहेगी।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications