Chamoli Accident शादी समारोह में जा रहे थे एक ही गांव के लोग, हादसे ने तीन परिवारों को दिया जिदंगी भर का दर्द
Chamoli Accident उत्तराखंड के चमोली में हुए हादसे ने एक ही गांव के तीन परिवारों को कभी न भूलने वाला गम दे दिया। चौड़ गांव की बसंती देवी, मोहनी देवी व भजन सिंह की मौत से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।
सबसे बुरा हाल बसंती देवी के परिवार में नजर आ रहा है। बसंती देवी अपने बच्चों को स्कूल भेजकर विवाह में शामिल होने निकली, लेकिन लौटकर नहीं आई। अब बच्चे स्कूल से आने के बाद मां के बारे में पूछ रहे हैं तो सब भावुक हो रहे हैं। बहू बसंती की मौत की सूचना से उसके सास व ससुर बेहोशी की हालत में हैं।

बृहस्पतिवार को देवाल ब्लॉक के मोपाटा गांव में थराली से बारात गई थी। इस विवाह समारोह में चौड़ गांव के लोगों को दुल्हन पक्ष से निमंत्रण था। चौड़ की बसंती अपने सास, ससुर व तीन बच्चों के साथ गांव में ही रहती थी। शादी के निमंत्रण पर वह बृहस्पतिवार की सुबह अपने बच्चों को स्कूल भेजकर विवाह में शामिल होने नारायण सिंह की कार में मोपाटा गांव गई थी।
गांव की मोहनी व भजन की भी कार दुर्घटना में मौत
बसंती के पति कुंवर सिंह मुंबई में नौकरी करते हैं। इसी गांव की मोहनी देवी व भजन सिंह की भी कार दुर्घटना में मौत हो गई। मोहनी देवी के पति मान सिंह की मृत्यु पांच वर्ष पहले हो गई थी। उनके परिवार में तीन बेटी व सास बच गई हैं। भजन सिंह पूर्व सैनिक थे। उनके दो बेटे व पत्नी है। दोनों बेटे नौकरी करते हैं। तीनों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
मोपाटा स्थित शादी समारोह में आए थे
बता दें कि बृहस्पतिवार को चमोली के चौड़ से कुछ लोग मोपाटा स्थित शादी समारोह में आए थे। चौड़ गांव के नारायण सिंह की गाड़ी में सभी शादी समारोह में शामिल होने गए, रास्ते में नारायण सिंह गाड़ी खड़ी कर उतर गए। इस समय गाडी ढलान पर थी। कुछ ही देर में गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। उस समय कार में पांच लोग सवार थे। जिनमें से तीन लोगों की मौत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications