सीएम योगी को उत्तराखंड में कुटिया दिलाने पर हरदा पर भाजपा हुई हमलावर, जानिए क्या कहा
हरदा के योगी को उत्तराखंड में कुटिया देने के बयान पर भाजपा हमलावर
देहरादून, 25 फरवरी। उत्तरप्रदेश में चुनाव प्रचार के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चुनाव बाद उत्तराखंड में कुटिया देने के बयान पर भाजपा हमलावर है। भाजपा ने हरीश रावत को जबाव देते हुए कहा कि उत्तराखंड में कुटिया की जरुरत योगी को नहीं बल्कि खुद वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत को होगी और जल्दी ही वह समय आने वाला हैं,क्योंकि जनता और खुद उनकी पार्टी उन्हें वानप्रस्थ में भेजने वाली है।

उत्तर प्रदेश में प्रचार कर रहे हरीश रावत
उत्तराखंड में चुनाव निपटने के बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के लिए प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। इस दौरान उत्तर प्रदेश में भी उत्तराखंड की राजनीति उनका पीछा नहीं छोड़ रही है। हरीश रावत के सीएम योगी पर हमलावर होने पर भाजपा ने हरीश रावत को घेरना शुरू कर दिया है। चुनाव प्रचार के दौरान हरीश रावत ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जमकर निशाना साधा है। कांग्रेस के पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए प्रयागराज में हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड से भाजपा को खदेड़ दिया गया है। अब सीएम योगी को भी सीएम की कुर्सी से हटना होगा। उन्होंने कहा कि चुनाव हारने के बाद सीएम योगी को उत्तराखंड में कुटिया बनाने के लिए जमीन की पेशकश करेंगे। इसके बाद हरीश रावत ने समाजवादी पार्टी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यूपी में समाजवाद के नाम पर असामाजिक कार्य किए गए। एक खास पार्टी के लोग अब विलासिता में जिंदगी गुजार रहे जबकि आम लोग पीड़ित हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों के सपनों को नष्ट कर रही थी और ऐसे में कांग्रेस ही एकमात्र विकल्प है।
भाजपा बोली-वानप्रस्थ भेजने वाली है जनता
भाजपा ने हरीश रावत के योगी को लेकर दिये बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि उत्तराखंड में कुटिया की जरुरत योगी को नहीं बल्कि खुद वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत को होगी और जल्दी ही वह समय आने वाला हैं,क्योंकि जनता और खुद उनकी पार्टी उन्हें वानप्रस्थ में भेजने वाली है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने सीएम योगी को हारने पर उत्तराखंड में कुटिया के लिए जमीन देने की बात का जबाब देते हुए कहा कि योगी जी तो संत सन्यासी हैं सब कुछ त्याग कर सामाजिक कार्यों में लगे हैं। उनका आवास तो हर जगह कुटिया ही है और वह हर तरह से भौतिक सुखो से दूर होकर मानव मात्र की सेवा में जुटे हैं। हरीश रावत को स्वयं की चिंता करनी चाहिए जिनकी बची कूची राजनैतिक जमीन भी इस चुनाव में हाथ से जाने वाली है। मनवीर चौहान ने तंज कसते हुए कहा हरीश रावत को अनेकों विधानसभा व लोकसभा चुनावों में जनता नकार चुकी है। उन्होने व्यंग कसते हुए कहा कि सीएम योगी के साथ यूपी और उत्तराखंड समेत देश की जनता का असीम प्यार और बाबा गोरखनाथ का आशीर्वाद है, लेकिन रावत जी परेशान हैं क्यूंकि उनके लिए खाट खड़ी और बिस्तर गोल वाला जनादेश ईवीएम में बंद हो गया है। वह जानते हैं कि चुनाव में हार के भाजपा को उत्तराखंड से भगाने वाले बयान पर पलटवार करते हुए चौहान ने कहा कि पहले चुनाव लड़ने से भागना, फिर तय विधानसभा सीट से भागना और हमेशा अपने वादों से भागना तो हरदा की आदत है। लिहाजा उत्तराखंड की जनता ने उन्हे इस चुनाव में सबक सिखा दिया है।












Click it and Unblock the Notifications