'तमंचे पर डिस्को..' वाले विधायक कुंवर प्रणव सिंह की BJP में वापसी, ऐसे विवादों से रहा है नाता
देहरादून। उत्तराखंड में खानपुर के विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन की फिर भाजपा में वापसी हो गई है। हाथों में तरह-तरह की बंदूकें लेकर शराब पार्टी करने वाले इस नेता को पार्टी से अनिश्चितकाल के लिए निलंबित कर दिया गया था। कुंवर प्रणव की हरकतों के वीडियो महीनों तक सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने रहे थे।

विवादित विधायक की बीजेपी में वापसी
बहरहाल खबर यह आई है कि, हरिद्वार जनपद के खानपुर क्षेत्र के रहने वाले कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा वापस ले लिया गया है। उनके लगातार शांत व्यवहार के रहते विचार विमर्श कर उनका निष्कासन रद्द कर दिया गया है। इस पूरे प्रकरण में यह बात चौंकाने वाली रही कि, कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन हमेशा विवादों में रहे, लेकिन जब से निलंबन हुआ, उनकी कोई खैर-खबर नहीं मिल रही थी।

उत्तराखंडवासियों से माफी मांगी
अब वह प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के आवास पर मिलने पहुंचे। जहां उनके द्वारा उत्तराखंडवासियों से हाथ-जोड़कर विनती करते हुए भूल-चूक क्षमा करने हेतु अपील की गई। विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को भारतीय जनता पार्टी से उस वक्त निष्कासित किया गया था, जब उन्होंने 'तमंचे पर डिस्को', अभद्र टिप्पणियां एवं दिल्ली के पत्रकारों को धमकाने की जुर्रत कर डाली थी।

इस तरह किया गया था निष्कासित
वायरल हुए एक वीडियो में वह तमंचे लेकर कई बॉलीवुड सॉन्ग्स पर थिरक रहे थे। एक हथियार को तो मुंह में भी दबा रखा था। उनके साथ के लोग भी वैसी ही हरकतें कर रहे थे। जिसके कुछ दिनों बाद भाजपा के आलाधिकारियों के हवाले से यह सूचना फैल गई कि कुंवर प्रणव सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है यानी निकाल दिया गया है। इस सूचना से भाजपा संगठन के अंदर कन्फ्यूजन पैदा हो गया। क्योंकि बर्खास्तगी का नोटिस भेजने के साथ ही चैम्पियन को जवाब देने के लिए दस दिन की मोहलत भी दी गई। हालांकि, वह अब तक निष्कासित ही बताए जा रहे थे।

समर्थकों में खुशियां मन रहीं
आज भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित की गई कोर कमेटी की बैठक में कुंवर प्रणव सिंह को लेकर चर्चा हुई। कोर कमेटी की बैठक राजधानी देहरादून में ही हुई। वहीं से यह बताया गया कि, खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की पार्टी में वापसी करा दी गई है। जिसके बाद उनके समर्थकों में जश्न मनने लगा।












Click it and Unblock the Notifications