केदारनाथ में घोड़े खच्चर चलाने वाले अतुल पहुंचे आईआईटी मद्रास, सीएम धामी ने फोन पर की बात, दिया ये आश्वासन
केदारनाथ में घोड़े खच्चर चलाने वाले अतुल का आईआईटी मद्रास में चयन हुआ है। अतुल वर्तमान में आईआईटी मद्रास में पढ़ाई के लिए पहुंच चुके हैं। अतुल आईआईटी मद्रास से एमएससी गणित करेंगे। अतुल की सफलता पर पूरा उत्तराखंड उन्हें लगातार बधाई दे रहा है।
इस बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रप्रयाग जिले के आई आई टी मद्रास में चयनित युवा अतुल से फोन पर बात कर उन्हें शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अतुल ने अपनी मेहनत से अन्य लोगों को प्रेरित किया है। उन्होंने कहा सामान्य परिस्थितियों में भी यदि व्यक्ति संकल्प लेकर काम करता है तो उसके सपने जरूर पूरे होते हैं।

जीवन में कोई चीज असंभव नहीं है। उन्होंने कहा अतुल ने प्रत्येक उत्तराखंडी को गौरवान्वित और प्रेरित किया है। मुख्यमंत्री ने अतुल को भी हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया। गौरतलब है कि रुद्रप्रयाग जिले के अतुल ने केदारनाथ में घोड़े खच्चर चलाकर अपनी पढ़ाई का खर्च निकाला। इसके साथ ही अपनी मेहनत और संघर्ष की बदौलत उनका आई आई टी मद्रास में चयन हुआ है।
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग के छोटे से गांव बीरों-देवल के अतुल कुमार ने आर्थिक तंगी के चलते आठवीं कक्षा से केदारनाथ यात्रा के दौरान घोड़े-खच्चर चलाकर परिवार और अपनी पढ़ाई का खर्च उठाया। इस बीच कड़ी मेहनत के दम पर अतुल का IIT JAM 2025 में 649वीं रैंक लाकर आईआईटी के लिए चयन हो गया है। अब अतुल IIT मद्रास में एमएससी गणित की पढ़ाई कर रहे हैं।
अतुल के परिवार में माता पिता और भाई बहन भी हैं। अतुल ने पिता की समस्या को देखते हुए केदारनाथ में घोड़े खच्चर चलाने का फैसला किया। लेकिन अपनी पढ़ाई में किसी तरह की रुकावट नहीं आने दी। श्रीनगर गढ़वाल से बीएससी की पढ़ाई करने के बाद अब उनका मद्रास आईआईटी में एडमिशन हो गया है। इस दौरान अतुल को उनके शिक्षकों का पूरा सहयोग मिला। जिन्होंने पढाई से लेकर हर स्तर पर उनकी मदद की।












Click it and Unblock the Notifications