Ankita Bhandari case जारी है सियासी बवाल, कांग्रेस ने लगाए गंभीर आरोप, भाजपा बोली- जल्द होगा पर्दाफाश
Ankita Bhandari case उत्तराखंड में बहुचर्चित अंकिता भंडारी केस को लेकर सियासी बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। वीआईपी प्रकरण को लेकर सीबीआई जांच की मांग पर सियासी घमासान मचा हुआ है। कांग्रेस का आरोप है कि पहले सबूत मिटाए गए हैं और अब सरकार सबूत मांग रही है।
भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड मे पार्टी नेताओं को बदनाम करने की साजिशों का पर्दाफ़ाश हो रहा है और इसके पीछे कौन लोग है जल्दी ही उनका भी खुलासा होगा। कहा कि सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि यदि कोई भी ठोस साक्ष्य सामने आया तो बड़ी से बड़ी जांच कराने को सरकार तैयार है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि अंकिता हत्या मामले में पहले सबूत मिटाए गए हैं और अब सरकार सबूत मांग रही है। गोदियाल ने कहा कि अंकिता के माता पिता शुरू से सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। तीन साल में सरकार इस पर निर्णय नहीं ले पाई है।
गोदियाल ने कहा कि जब तक अंकिता भंडारी को न्याय नहीं मिल जाता तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी। यह जनता की मांग है। आरोप लगाया कि सरकार अपने नेताओं को बचाने में पूरा जोर लगा रही है। कहा, अंकिता की हत्या के बाद सरकार ने सबूतों को नष्ट करने का काम किया और आज हत्याकांड के सबूत मांगे जा रहे हैं।
भाजपा ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड मे पार्टी नेताओं को बदनाम करने की साजिशों का पर्दाफ़ाश हो रहा है और इसके पीछे कौन लोग है जल्दी ही उनका भी खुलासा होगा। कांग्रेस हाथ से झूठे मुद्दे को आधार बनाकर छिनता देखकर परेशान है।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा नेताओं पर आरोप लगा रही महिला के एक वीडियो मे वार्तालाप के दौरान इस बात की पुष्टि हुई है कि भाजपा के प्रदेश प्रभारी सहित अन्य नेताओं पर लांछन लगाने के लिए सुनियोजित तरीके से दबाव के तहत षड्यंत्र रचा गया। उन्होंने कहा कि मामले मे सवाल उठाने वाली कांग्रेस ही अब सवालों के कटघरे मे है।
भट्ट ने कहा कि सीएम पुष्कर सिंह धामी पहले ही साफ कर चुके हैं कि मामले मे अंकिता के परिजनों से वार्ता कर आरोपों का विधिक परीक्षण के बाद आगे हर जांच की कार्यवाही को अमल मे लिया जायेगा। कांग्रेस को परेशान होने की जरूरत नही है। अंकिता बेटी के माता पिता को बुलाया गया है और जो वो कहेंगे विधि अनुसार परीक्षण कर के वही भी हम करेंगे। कांग्रेस मुद्दाविहीन होने पर बौखला गयी है।
भट्ट ने कहा कि जनता को भाजपा पर भरोसा है और कांग्रेस दुष्प्रचार को हवा देकर गलतफहमी मे है। दुष्प्रचार से कोई लड़ाई फतह नही की जा सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली मे प्रेस वार्ता कर बड़े नेताओं को टारगेट कर कांग्रेस राजनैतिक रोटियां सेकने की जुगत मे लगी रही, लेकिन अंकिता को न्याय दिलाने से उसका कोई वास्ता नही है। जनता कांग्रेस की अवसरवादी राजनीति को भली भाँति जानती है और उसे इसका जवाब देगा।












Click it and Unblock the Notifications