Ankita Bhandari Case 8 फरवरी को देहरादून में महापंचायत, लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी ने की जनता से ये अपील
Ankita Bhandari Case अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर गरमाई सियासत थमने का नाम नहीं ले रही है। सरकार के सीबीआई जांच की घोषणा के बाद भी कई संगठनों का इसको लेकर विरोध जारी है। अब 8 फरवरी को महापंचायत बुलाई गई है। जिसमें लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी ने भी लोगों से इसमें जुटने का आह्रान किया है।
अंकिता को न्याय दिलाने के लिए महापंचायत आयोजित हो रही है। उत्तराखंड के लोकगायक, जनकवि नरेंद्र सिंह नेगी ने 8 फरवरी 2026 को देहरादून के परेड ग्राउंड में प्रस्तावित महापंचायत को लेकर प्रदेश की जनता से व्यापक अपील की है।

उन्होंने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने की यह लड़ाई पूरे उत्तराखंड की आत्मा, अस्मिता और पहाड़ की बेटियों के सम्मान की लड़ाई है। नेगी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि आज अन्याय के खिलाफ सामूहिक स्वर नहीं उठा, तो कल पहाड़ की हर बेटी असुरक्षित महसूस करेगी। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे बड़ी संख्या में महापंचायत में पहुंचकर लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज़ बुलंद करें।
उन्होंने कहा कि यह महापंचायत न्याय, संवेदना और मानवीय मूल्यों के पक्ष में एक जनआंदोलन है। पहाड़ की संस्कृति ने हमेशा अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा दी है और आज उसी परंपरा को आगे बढ़ाने की ज़रूरत है। इस अवसर पर अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच से कमला पंत, मोहित डिमरी, उमा भट्ट, सूरज नेगी, नवीन जोशी सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और आंदोलनकारी उपस्थित रहे।
सभी ने एक स्वर में महापंचायत को ऐतिहासिक बनाने और अंकिता को न्याय दिलाने के संकल्प को दोहराया। संघर्ष मंच ने कहा कि यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक दोषियों को सज़ा और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल जाता। महापंचायत को लेकर प्रदेशभर में जनसंपर्क और जनजागरण तेज़ किया जा रहा है।
बता दें कि अंकिता भंडारी हत्याकांड केस को तीन साल हो गए हैं। तीनों आरोपियों को उम्र कैद की सजा भी हो गई है। इसके बाद फिर वीआईपी प्रकरण को लेकर मामला गरमाया हुआ है। सीएम धामी ने इसके लिए सीबीआई जांच का ऐलान भी कर दिया है। अब लोग इसको जल्द से जल्द पूरा करने की मांग कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications