मातम में बदली खुशियां ! 'मुंडन' कार्यक्रम के दिन गर्म दाल के बर्तन में गिरा मासूम, मौत
बच्चे नटखट होते हैं और खेलने के लिए इधर-उधर कूदते रहते हैं। ऐसे में माता-पिता को छोटे बच्चों का जरूर ध्यान देना चाहिए। क्योंकि माता-पिता की जरा सी लापरवाही के चलते बच्चों की जान भी चली जाती है। ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से आया है। यहां पर एक पांच साल का बच्चा गर्म दाल के एक बर्तन में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

ये भी पढ़ें- भारत में घुसा पाकिस्तानी ड्रोन BSF के जवानों ने मार गिराया, किसान के खेत में गिरा, देखिए कैसा दिखता है

जिस दिन होना था मुंडन संस्कार, उसी दिन हुई मौत
पुलिस के मुताबिक जिस बच्चे की मौत हुई है, उसका मुंडन संस्कार होना था। इसके लिए घर में छोटा सा कार्यक्रम भी रखा गया था। बच्चे का मुंडन संस्कार धूमधाम से हो सके, इसको लेकर परिवार वालों ने सभी तैयारियां भी कर ली थी और घर पर मेहमान भी आ गए थे। लेकिन मंगलवार यानि कि जिस दिन बच्चे का मुंडन संस्कार होना था, उसी दिन बच्चा गर्म दाल में गिर गया और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।

खेलने के दौरान हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक किसान सुशील सिंह का बेटा प्रशांत कमरे में खेल रहा था। जिस कमरे में वह खेल रहा था, उसी में दाल भी बन रही थी। वहीं, मृतक के पिता सुशील ने बताया कि हम अतिथियों का स्वागत करने लगे। इसी दौरान प्रशांत कमरे के अंदर चला गया और बिस्तर पर चढ़ गया।

अस्पताल ले जाते समय रास्ते में हुई मौत
घर में कार्यक्रम में था, तो वह भी खुश था। कमरे में जाकर वह खेलने लगा और बिस्तर से कूदने लगा। इसी दौरान वह गलती से दाल के बर्तन में गिर गया। जैसे ही उस पर हमारी नजर पड़ी तो उसे हम तुरंत पास के एक अस्पताल ले गए, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। इसके बाद हम उसे मेरठ के एक बड़े अस्पताल में ले जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

अगले दिन किया गया अंतिम संस्कार
पूरे मामले में अमरोहा के एसपी आदित्य लंगेह का कहना है कि हमें अभी तक इस मामले में पीड़ित परिवार से कोई शिकायत नहीं मिली है। अगर माता-पिता की तरफ से कोई शिकायत मिलती है, तो जांच की जाएगी। हालांकि बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications