Zero Poverty Yojana: हर गांव के 20-25 परिवारों को मिलेंगी एक साथ सभी सरकारी सुविधाएं, सीएम योगी ने किया ऐलान
UP Zero Poverty Yojana: उत्तर प्रदेश सरकार ने अंबेडकर जयंती के मौके पर गरीब और वंचित परिवारों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित अंबेडकर महासभा के एक कार्यक्रम में नई योजना का ऐलान किया, जिसे 'जीरो पावर्टी योजना' नाम दिया गया है।
इस योजना का उद्देश्य उन परिवारों तक राहत पहुंचाना है, जो अब तक सरकारी योजनाओं से वंचित रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले चरण में करीब 14 से 15 लाख परिवारों को इस योजना से जोड़ा जाएगा, जिससे उनका जीवन स्तर सुधरेगा।

इस मौके पर सीएम योगी ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि यह योजना उनके विचारों को समर्पित है और समाज के सबसे कमजोर वर्ग तक लाभ पहुंचाना ही इसका उद्देश्य है।
हर पंचायत में चिह्नित होंगे वंचित परिवार
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि गांव-गांव में ऐसे परिवार हैं जिन्हें आज भी सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया है। हर ग्राम पंचायत में औसतन 20 से 25 ऐसे परिवारों की पहचान की जा रही है, जिन्हें इस योजना से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि अब इन परिवारों को एक बार में सभी जरूरी सुविधाएं जैसे राशन, बिजली, पानी, आवास और चिकित्सा जैसी सेवाएं दी जाएंगी, जिससे वे गरीबी रेखा से बाहर आ सकें।
बाबा साहेब के नाम से जानी जाएगी Zero Poverty Yojana
सीएम योगी ने इस बात पर ज़ोर दिया कि यह योजना सिर्फ एक सरकारी स्कीम नहीं, बल्कि बाबा साहेब अंबेडकर को सच्ची श्रद्धांजलि है। यह उन्हीं के नाम से चलाई जाएगी और उन्हीं के सिद्धांतों पर आधारित होगी।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने समाज के कमजोर वर्गों के लिए जिस सामाजिक न्याय और समानता का सपना देखा था, अब वह उत्तर प्रदेश में साकार होने जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर उत्तर प्रदेश को देश का पहला ऐसा राज्य बताया जो जीरो पावर्टी के लक्ष्य की दिशा में सक्रिय रूप से काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार इस चुनौती को स्वीकार कर चुकी है।
सीएम योगी ने भरोसा जताया कि आने वाले वर्षों में उत्तर प्रदेश वह पहला राज्य बनेगा, जहां सभी नागरिकों को समान अवसर मिलेंगे और कोई भी परिवार बुनियादी ज़रूरतों से वंचित नहीं रहेगा।
जनता से की गई साझेदारी की अपील
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने आम जनता से इस योजना में भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग का दायित्व है कि वह इस पहल में सहयोग करे।
योगी ने भरोसा दिलाया कि सरकार गरीबों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी और UP Zero Poverty Yojana उसी दिशा में एक बड़ा कदम है।












Click it and Unblock the Notifications