दिल्ली में मिला योगी आदित्यनाथ को खास मंत्र, ताबड़तोड़ लिए फैसले
दिल्ली से दिशा निर्देश लेकर लौटे योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ आते ही दिखाए तेवर, ताबड़तोड़ लिए फैसले।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की शपथ लेने के बाद योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी, इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के अलावा तमाम केंद्रीय नेताओं से मुलाकात की और इस दौरान माना जा रहा है कि आदित्यनाथ से कहा गया है कि संतुलित बात करिए, अपने काम को लोगों के बीच बोलने दीजिए, खासतौर पर प्रदेश में कानून व्यवस्था पर ध्यान दें, केंद्र सरकार की योजनाओं को प्रदेश में लागू करें।

कई मुद्दों पर हुई बात
योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी, वित्त मंत्री अरुण जेटली, गृहमंत्री राजनाथ सिंह व भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से भी मुलाकात की। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी ने योगी आदित्यनाथ को प्रदेश में तेजी से बदलाव लाने के लिए कहा है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात के दौरान योगी आदित्यनाथ ने किसानों और बुनकरों की समस्या के अलावा किन मंत्रियों को कौन सा विभाग आवंटित किया जाए इस बात पर भी चर्चा की। इस दौरान यह मुद्दा भी उठा कि केंद्र सरकार ने राज्य को 2.5 लाख करोड़ रुपए दिए लेकिन सिर्फ 78000 करोड़ रुपए ही खर्च किए गए हैं।

अपराध पर लगेगी लगाम
योगी आदित्यनाथ के सरकार में आने के साथ ही प्रदेश में एक्शन शुरु हो चुका है। सराकर ने 12सूत्रीय एक्शन प्लान बनाया है जोकि एक महीने तक चलेगा, जिसे तमाम जिले के पुलिस अधिकारियों को भेज दिया गया है। जिसमें मुख्य रूप से उन तमाम अपराधियों को गिरफ्तार किए जाने की बात कही गई है जिनपर इनाम है, जो गंभीर अपराध में लिप्त हैं, जिनपर हत्या और लूट का मामला है। इसके अलावा 100 फीसदी लोगों को तलाश करना जिनका अपहरण हुआ है, बलात्कार के आरोपियों पर गुंडा एक्ट लगाना, एंटी रोमियो दल का गठन आदि हैं।

12 सूत्रीय कार्यक्रम से एक्शन में आए योगी
योगी आदित्यनाथ ने लोकसभा में अपने भाषण के दौरान कहा था कि वह जल्द ही उत्तर प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित होंगी, उन्होंने कहा कि हमने सांसदों को न्योता दिया है कि वह जल्द यूपी में आएं और यहां हो रहे बदलाव को देखें, हम उत्तर प्रदेश को ड्रीम स्टेट में बदलने का काम करेंगे। 12 सूत्रीय कार्यक्रम के अलावा गो हत्या व अवैध बूचड़खाने के खिलाफ भी योगी सरकार एक्शन में आ गई है। अब अवैध बूचड़खाना और गो हत्या करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्दश दिए गए हैं।

गोरखपुर बनेगा आदर्श शहर
योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी की तमाम लोकप्रिय योजनाओं को प्रदेश में लाने की तैयारी भी कर रहे हैं, उन्होंने संसद में कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं को यूपी में लागू किया जाएगा। वह स्वच्छ भारत मिशन के तहत गोरखपुर को आदर्श शहर बनाने की भी योजना बना रहे है। गोरखपुर एकलौता ऐसा शहर है जहां 100 फीसदी शौचालय का निर्माण हो गया है। इसके अलावा सिर्फ शामली ऐसा जिला है जहां खुले में शौंच नहीं की जाती है, जबकि मौजूदा समय में सिर्फ 5 फीसदी शहरों में ही खुले में शौंच की जाती है। उन्होंने कहा कि मैं दिसंबर 2017 तक 30 फीसदी शहरों को खुले में शौच से मुक्त कराने का लक्ष्य रखता हूं।

पीएम की तमाम योजनाओं को कराएंगे लागू
यूपी में महज 15 फीसदी किसानों की फसलों को बीमा कराया गया है, इस मुद्दे को खुद प्रधानमंत्री तमाम रैलियों में उठाते रहे थे, महाराष्ट्र जैसे प्रदेश में यह 80 फीसदी है। योगी आदित्यनाथ ने भी अपने अधिकारियों के साथ बैठक करके इस बात को सुनिश्चित करने को कहा है कि यूपी में भी इस आंकड़े को छुआ जाए। इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों से तय समय सीमा के भीतर काम को पूरा करने का निर्देश दिया है। साथ ही प्रदेश में निवेश की संभावनाएं बढ़ाने का माहौल बनाने को भी कहा है।












Click it and Unblock the Notifications