UP: सनसनीखेज! कुएं में दर्जनों सांपों से लिपटा मिला महिला का शरीर, 24 घंटों से निकालने का प्रयास जारी
उत्तर प्रदेश के झांसी में एक 60 फीट गहरे सूखे कुएं में महिला की लाश पड़ी मिली है, लेकिन कोई भी उसे निकालने को तैयार नहीं है। ऐसा इसलिए क्योंकि जिसने भी अंदर झांक कर देखा वो सहम गया। कुएं के अंदर लाश के ऊपर और आसपास अजगर और कोबरा जैसे कई जहरीले सांप घूम रहे हैं। यह लाश गुरुवार यानि कल मिली थी, जिसे सांपों के कारण अभी तक नहीं निकाला जा सका है। पुलिस और वन विभाग की टीमें इस कार्य में जुटी हुई हैं।
तीन दिन पहले हुई थी महिला लापता
बता दें कि पूरा मामला झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र के ग्राम कायला का है। जानकारी अनुसार, यहां की रहने वाली 45 बर्षीय लाड़कुंवर पत्नी अजुद्दी तीन दिन पहले अपने घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। जब वह देर शाम तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी। परिजन महिला को ढूंढने में नाकाम रहे तो उन्होंने पूंछ पुलिस से उसके लापता होने की शिकायत की। तब से परिजन और पुलिस उसे लगातार ढूंढ रहे थे।

गुरुवार को कुँए में मिला शव
गुरुवार के दिन मबूसा मौजा के खेतों पर बने एक सूखे कुंए के पास जब कुछ चरवाहे जानवरों को चराने गए, तभी उनकी नजर सूखे कुंए के अंदर पड़ी एक अजीब सी चीज पर गई। ध्यान से देखा तो पाया कि एक महिला का शव पड़ा है और उसके कपडे भी कुछ अस्त-व्यस्त हैं। घबराए हुए चरवाहों ने तत्काल इसकी सूचना उसके परिजनों को दी। जिसके बाद कुछ ही देर में परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गए।
लाश से लिपटे हैं कई सांप
इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से लाश को बाहर निकालने की कोशिश शुरू कर दी। लेकिन शुरू में हामी भरने वाले ग्रामीणों ने जैसे ही लाश पर गौर किया तो देखा कि दो कोबरा सांप लाश से लिपटे हुए हैं। इसके बाद ग्रामीणों के होश उड़ गए। वहीं जब दोबारा कुएं में झांक कर देखा तो कई सांप नजर आए।

अभी भी नहीं निकाली जा सकी है लाश
इसके बाद सभी ने कुएं में उतरने से मना कर दिया। तब पुलिस ने वन विभाग की टीम को सूचना दी। थोड़ी देर बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। हालत देखकर वन विभाग की टीम ने भी अंदर जाने से हाथ खड़े कर दिए। पुलिस ने एंबुलेंस को बुला लिया था। लेकिन करीब 6 घंटे टीम खड़ी रही, इसके बाद रात करीब 9 बजे पुलिस और वन विभाग की टीम लौट गई।

आखिर कैसे हुई मौत?
उधर, महिला की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। ये पता लगाना बाकी है कि महिला ने कुएं में कूदकर सुसाइड किया है या फिसलकर गिर गई है या फिर किसी ने हत्या कर उसे कुएं में फेंक दिया है। इसका जवाब तभी मुमकिन है जब महिला का शव निकाला जाएगा और पोस्टमार्टम होगा। फिलहाल शव को कुएं के अंदर से निकाला कैसे जाए, यह सबसे बड़ी चुनौती है।












Click it and Unblock the Notifications