'अखिलेश यादव को वीडियो दिखा देना', ये बोलने वाले DSP अशोक सिंह को अब सपा प्रमुख ने दिया ये जवाब
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में तैनात प्रांतीय पुलिस सेवा (PPS) अधिकारी और सीओ सिटी (DSP) अशोक सिंह का एक वीडियो इंटरनेट पर तेजी से सुर्खियां बटोर रहा है। पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं और स्थानीय लोगों से तीखी बहस के दौरान उन्होंने जिस बेबाक अंदाज में मूंछों पर ताव देते हुए अपना नाम-पता बताया और कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव को ये वीडियो दिखा देना। उसने हर किसी का ध्यान खींच लिया है। अब अखिलेश यादव ने भी एक्स पोस्ट कर इसका जवाब दिया है।
पूरा मामला मैनपुरी के एलाऊ थाना इलाके के संतोष नगर गांव का है। 30 अगस्त रात शराब के ठेके के पास बेखौफ बदमाशों ने एक ट्रक पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। इस वारदात में ट्रक के कंडक्टर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी, एसपी सिटी और सीओ सिटी अशोक सिंह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम हाउस भिजवाया।

'अखिलेश यादव को भेज देना वीडियो', DSP अशोक सिंह ने क्यों कहा ऐसा?
पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर DSP अशोक सिंह जब मृतक के पीड़ित परिवार को समझा रहे थे और उनसे बात कर रहे थे, तभी वहां मौजूद कुछ लोग मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने लगे। पुलिस अफसर ने पहले उन्हें वीडियो बनाने से रोका, लेकिन जब वे बाज नहीं आए तो DSP का गुस्सा फूट पड़ा।
उन्होंने तल्ख तेवर दिखाते हुए वर्दी की नेम प्लेट की तरफ इशारा किया और मूंछों पर ताव देकर कहा,
"क्या वीडियो बना रहे हो! बनाओ-बनाओ... यह देखो नाम, अशोक कुमार सिंह, पिता का नाम बलबीर सिंह, आजमगढ़ के रहने वाले हैं। बना लो वीडियो, वायरल कर देना और अखिलेश यादव को दे देना।"
अखिलेश यादव बोले- अब ये कुछ दिनों की बात है
इस पूरे मामले पर अब अखिलेश यादव ने भी एक्स पोस्ट करके अपनी प्रतिक्रिया दे दी है। अखिलेश यादव ने 3 सितंबर को एक्स पर लिखा,
''सिर पर 'सत्ता-सजातीय' हाथ है, इसीलिए इनकी मूंछों पर ताव है, ऐस लोगों से क्या होना इंसाफ है, पर अब ये कुछ दिनों की बात है, क्योंकि दस्तक दे रहा बदलाव है, हम निलंबन की मांग नहीं करेंगे!''
कौन हैं DSP अशोक सिंह? (who is DSP Ashok Singh)
अशोक कुमार सिंह इस समय मैनपुरी में सीओ सिटी के पद पर तैनात हैं। वह मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले हैं। वायरल वीडियो में भी उन्होंने खुद अपना नाम, पिता का नाम बलबीर सिंह और आजमगढ़ का निवासी होने की बात कही है।
उत्तर प्रदेश पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उनका जन्म 2 अक्टूबर 1975 को हुआ था। वर्ष 2019 में उन्हें पदोन्नति देकर अपर पुलिस अधीक्षक विशेष श्रेणी-2 बनाया गया था। इसके बाद 5 जून 2020 को उन्हें पुलिस उपाधीक्षक के पद पर पदोन्नति मिली।
अशोक सिंह की मैनपुरी में तैनाती ज्यादा पुरानी नहीं है। जून 2026 में हुए उत्तर प्रदेश पुलिस के बड़े प्रशासनिक फेरबदल में उन्हें औरैया से मैनपुरी भेजा गया था। तब से वह मैनपुरी में सीओ सिटी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
आखिर पोस्टमॉर्टम हाउस पर क्यों पहुंचे थे अशोक सिंह?
यह पूरा विवाद मैनपुरी के एलाऊ थाना क्षेत्र में हुई गोलीबारी के बाद शुरू हुआ। संतोष नगर गांव में शराब की दुकान के पास बदमाशों ने एक ट्रक को रोककर फायरिंग कर दी थी। गोली लगने से ट्रक के कंडक्टर की मौके पर मौत हो गई। चालक भी घायल हुआ था।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। इसके बाद सीओ सिटी अशोक सिंह पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे और मृतक के परिवार से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोग मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। मना करने के बाद भी रिकॉर्डिंग जारी रहने पर कहासुनी बढ़ गई। इसी दौरान उनका वीडियो रिकॉर्ड हो गया।
फिलहाल चर्चा उनके किसी पुराने पुलिस ऑपरेशन की नहीं, बल्कि पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर बने इस वीडियो की है। मूंछों पर ताव, नेम प्लेट दिखाना और अखिलेश यादव का नाम लेना, इन तीनों ने कुछ सेकंड के इस वीडियो को सोशल मीडिया पर खासा चर्चित बना दिया है। हालांकि वायरल वीडियो को देखकर पूरे घटनाक्रम का संदर्भ समझना भी जरूरी है, क्योंकि विवाद की शुरुआत पोस्टमॉर्टम हाउस पर वीडियो बनाए जाने को लेकर हुई थी।


Click it and Unblock the Notifications
