Mukhtar Ansari: मुख्तार को खाने में क्या दिया जा रहा था? बांदा जेल में जांच करने पहुंची अधिकारियों की टीम
Mukhtar Ansari Banda jail: मुख्तार अंसारी की मौत के मामले की जांच करने के लिए न्यायिक टीम शनिवार को बांदा मंडल कारागार पहुंची। जांच टीम में शामिल अधिकारी करीब 40 मिनट तक जेल के अंदर रहे उसके बाद जांच पड़ताल कर वापस लौट गए।
बताया जा रहा है की जेल में प्रवेश करने के बाद टीम ने बैरक नंबर 16 में पहुंचकर वहां का जायजा लिया। इसके अलावा टीम द्वारा जिन बर्तनों में मुख्तार अंसारी को खाना दिया जाता था उन बर्तनों की भी जांच की गई।

जिस बैरक में मुख्तार अंसारी को रखा गया था उसे बैरक में जो भी सामान पाए गए उन सब चीजों को देखने के साथ ही जेल के अधिकारियों से पूछताछ की गई। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे और फुटेज भी देखे गए तथा जेल के कर्मचारियों से भी बात की गई।
टीम करीब 11:25 बजे जेल में पहुंची थी उसके बाद जांच पड़ताल कर करीब 12:10 बजे जेल से बाहर निकल गई। यह भी बता दें कि मुख्तार अंसारी के मौत के मामले में मुख्य न्यायाधीश मजिस्ट्रेट बांदा भगवान दास गुप्ता द्वारा आदेश दिए गए हैं कि अपर मुख्य न्यायाधीश मजिस्ट्रेट एक महीने में जांच पूरी करके रिपोर्ट पेश करें।
दरअसल बांदा मंडल कारागार में बंद मुख्तार अंसारी के परिजनों द्वारा मुख्तार अंसारी के मौत से पहले ही आरोप लगाया जा रहा था कि मुख्तार अंसारी को जेल में धीमा जहर दिया जा रहा है। धीमा जहर देकर मुख्तार अंसारी को मारने की साजिश की जा रही है।
मुख्तार अंसारी के वकील और परिवार के सदस्यों द्वारा यह आरोप लगाए जाने के बाद न्यायालय में भी प्रार्थना पत्र दिया गया था। इसी बीच गुरुवार को मुख्तार अंसारी की तबीयत अचानक खराब हो गई। मुख्तार अंसारी को बांदा जेल से रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में गुरुवार रात 8:25 बजे डॉक्टर द्वारा मुख्तार अंसारी को मृत घोषित कर दिया गया। मुख्तार अंसारी की मौत हो जाने के बाद शुक्रवार को बांदा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम किया गया। इस दौरान मुख्तार के बेटे ने दिल्ली एम्स में पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी।
फिलहाल शुक्रवार को देर रात मुख्तार अंसारी का शव गाजीपुर के मोहम्मदाबाद स्थित पैतृक आवास पहुंचा। शनिवार को गाजीपुर के मोहम्मदाबाद यूसुफपुर में स्थित काली बाग कब्रिस्तान में मुख्तार अंसारी के शव को दफन कर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications