Weather Today: मानसून में देरी से सूख रही धान की नर्सरी, किसान बेहद चिंतित, 35 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
Weather Today: इस साल उत्तर प्रदेश में मानसून लोगों को लंबे समय से इंतजार करवा रहा है। प्री-मानसून बारिश की वजह से लोगों को गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन अभी भी मानसून की बारिश का इंतजार है। मानसून में देरी और बारिश न होने की वजह से किसान खासे चिंतित हैं।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून जल्दी उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगा और भारी बारिश होगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी तीन-चार दिन में मानसून उत्तर प्रदेश में पहुंच सकता है।

वैज्ञानिकों ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से आने वाला मानसून कुशीनगर के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर गया, लेकिन आगे नहीं बढ़ पाया। इसी तरह बंगाल की खाड़ी से बिहार के रास्ते आने वाला मानसून भी रक्सौल में ही अटका हुआ है।
इसी तरह अरब सागर में मानसून की सक्रियता बढ़ने से दक्षिण-पश्चिम से आने वाला मानसून ललितपुर के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर गया और बारिश भी हुई लेकिन इसके बाद मानसून आगे नहीं बढ़ा और वहां से मुड़कर झारखंड की ओर चला गया।
सूखने के कगार पर पहुंच गई है धान की नर्सरी
किसानों का कहना है कि इस बार मानसून के आने में देरी होने के चलते धान की नर्सरी को बचाना उनके लिए चुनौती हो गई है। दिन में तेज धूप होने के चलते धान के नर्सरी की सिंचाई नहीं हो पा रही है। रात में किसान सिंचाई कर रहे हैं।
किसानों का कहना है कि यदि यही स्थिति रही तो धान की रोपाई के समय भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। मानसून की बारिश यदि समय पर नहीं हुई तो इस बार धान के पैदावार में भी कमी देखने को मिलेगी।
यूपी के 35 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों पर यदि ध्यान दिया जाए तो शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के वाराणसी, गाजीपुर, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, जौनपुर, गोरखपुर, महाराजगंज, कुशीनगर, झांसी, महोबा, जालौन, हमीरपुर, आगरा, फिरोजाबाद, शाहजहांपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संत कबीर नगर, देवरिया, बलरामपुर, मुरादाबाद, बिजनौर, मेरठ, बागपत, बहराइच, श्रावस्ती, खीरी, कानपुर नगर, कानपुर देहात, कन्नौज, फर्रुखाबाद, बरेली, पीलीभीत, रामपुर आदि जनपदों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
इन जनपदों में आज तूफान के साथ हल्की बारिश की संभावना
मौसम विभाग द्वारा उत्तर प्रदेश के कुछ जनपदों में शुक्रवार को तूफान के साथ हल्की बारिश के भी संकेत दिए गए हैं जिसमें आजमगढ़, मऊ, बलिया, जौनपुर, बंदायू, संभल, मुरादाबाद, अलीगढ़, हाथरस, मेरठ, गाजियाबाद, बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर, बागपत, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, उन्नाव, अमेठी, सुल्तानपुर, बाराबंकी, सीतापुर, औरैया, इटावा, हरदोई, बांदा, चित्रकुट, इटावा, मैनपुरी, एटा, कांशीरामनगर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, फैजाबाद, फतेहपुर, लखनऊ, रायबरेली आदि जनपदों का नाम शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications