Weather in up: उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान का कहर, दो दिन में 58 की मौत, कई जिलों में भारी तबाही
Weather in up: इन दिनों भारत के अधिकांश राज्यों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। इस उत्तर प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों में भारी बारिश और आंधी ने कहर बरपा रखा है। बीते दो दिनों में आए तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है।
उत्तर प्रदेश में बुधवार शाम से गुरुवार सुबह तक आए तूफान ने भारी तबाही मचाई। इस दौरान विभिन्न जिलों में पेड़, बिजली के पोल और दीवारें गिरने जैसी घटनाओं में अब तक कुल 58 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।

Weather in up: उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक तबाही
उत्तर प्रदेश के मेरठ, आगरा, अलीगढ़, कानपुर, लखनऊ, झांसी, अयोध्या, अमेठी, मुरादाबाद, फतेहपुर, कन्नौज, इटावा, चित्रकूट, हाथरस, बागपत जैसे जिलों में तेज आंधी और बारिश के साथ बिजली गिरने की घटनाएं सामने आईं। बुलंदशहर में 89 किमी प्रति घंटे और मेरठ में 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जिससे कई घरों की टिन की छतें और झोंपड़ियां उड़ गईं।
राजधानी लखनऊ सहित अवध के 12 जिलों में भी बुधवार देर रात तेज बारिश और तूफानी हवाओं ने कहर बरपाया। अंबेडकर नगर के कुसुमखोर गांव में बिजली गिरने से अजय सिंह उर्फ गुड्डू (48) की मौत हो गई, जबकि अमेठी में दीवार गिरने से सीतापति (59) और अयोध्या में सूर्यकला (55) की जान चली गई।
ब्रज क्षेत्र में भी प्राकृतिक आपदा का गंभीर असर देखने को मिला। आगरा में तीन, कासगंज में चार महिलाओं सहित छह लोगों की मौत हुई। एटा में पांच, फिरोजाबाद में दो महिलाओं की और टूंडला में एक बच्चे की जान गई। बंदायूं के बिल्सी में दीवार गिरने से एक महिला मलबे में दब गई।
Weather in up: बुंदेलखंड और पश्चिमी यूपी में भी भारी नुकसान
बुंदेलखंड और कानपुर मंडल में भी तूफान की चपेट में आकर कई लोगों ने जान गंवाई। फतेहपुर में पांच, औरैया में चार, कानपुर और कन्नौज में तीन-तीन, इटावा और कानपुर देहात में दो-दो, झांसी में दो और चित्रकूट में एक व्यक्ति की मौत हो गई। आजमगढ़ के अतरौलिया में बिजली गिरने से एक युवक की मौत हुई, जबकि हाथरस में एक युवक और अलीगढ़ में एक वृद्धा की जान गई। मेरठ में एक और बागपत में दो लोगों की जान चली गई।
फिरोजाबाद में एक बेहद दर्दनाक हादसा हुआ, जहां तेज आंधी के दौरान उड़कर आई टिनशेड से एक महिला की गर्दन कट गई। मुरादाबाद में आंधी के झोंके से छत से गिरकर एक महिला की मौत हो गई।
Weather in up: मौसम विभाग का अलर्ट: 65 से ज्यादा जिलों में बारिश-आंधी की संभावना
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने आने वाले दिनों में तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना जताई है। अरब सागर में बने कम दबाव के क्षेत्र के उत्तर की ओर बढ़ने से बारिश की तीव्रता और क्षेत्रफल में विस्तार होगा। इसके चलते पारा गिरने की संभावना है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग ने राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत देश के 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई राज्यों में हल्की से भारी बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की आशंका है, वहीं कुछ क्षेत्रों में तेज गर्मी का भी अनुमान है।
Weather in up: मुख्यमंत्री ने दिए राहत कार्य तेज करने के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस आपदा को गंभीरता से लेते हुए सभी जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का सर्वेक्षण करें और घायलों का समुचित उपचार कराएं। जिन लोगों की मृत्यु हुई है या जो घायल हैं, उन्हें तत्काल सहायता राशि दी जाए। साथ ही, फसलों के नुकसान का भी मूल्यांकन कर रिपोर्ट शासन को भेजी जाए, ताकि आवश्यक कार्यवाही की जा सके।
उत्तर प्रदेश सरकार ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में युद्धस्तर पर राहत कार्य चलाने की बात कही है। लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।












Click it and Unblock the Notifications