Uttar Pradesh Aaj Ki Taja Khabar: बंपर भर्ती से लेकर ट्रैफिक डायवर्जन तक, आज 5 फरवरी को क्या खास?
Uttar Pradesh Big Breaking, 5 February 2026: उत्तर प्रदेश में आज हलचल तेज है। एक तरफ आस्था के महापर्व महाशिवरात्रि के लिए सड़कों पर सुरक्षा का घेरा कसा जा रहा है, तो दूसरी तरफ यूपी रोडवेज और भारतीय सेना युवाओं के लिए करियर के द्वार खोल रही है।
निवेश के मोर्चे पर भी योगी सरकार 'ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी 5.0' के साथ नया इतिहास रचने को तैयार है। आइए, विस्तार से जानते हैं आज की टॉप खबरें।

UP Traffic Alerts: आज से ट्रैफिक डायवर्जन लागू
महाशिवरात्रि (15 फरवरी) के उपलक्ष्य में हरिद्वार से जल लेकर लौटने वाले कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए बिजनौर और हरिद्वार पुलिस ने आज से विशेष ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है। 5 फरवरी से हरिद्वार की ओर जाने वाले सभी भारी और मालवाहक वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और उन्हें मुजफ्फरनगर के वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा, जबकि आवश्यक वस्तुओं के वाहनों को केवल रात 11 से सुबह 4 बजे के बीच ही अनुमति मिलेगी।
UP Jobs News: प्रयागराज में 250 पदों पर सीधी भर्ती
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) ने प्रयागराज क्षेत्र के 8वीं पास युवाओं के लिए आज से विशेष भर्ती अभियान का आगाज किया है। 5 से 12 फरवरी तक चलने वाले इस अभियान के तहत प्रयागराज, मिर्जापुर और प्रतापगढ़ के विभिन्न डिपो में करीब 250 संविदा चालकों की नियुक्ति की जाएगी, जिसमें 23 वर्ष 6 माह से 58 वर्ष तक के अभ्यर्थी पात्र होंगे।
इच्छुक उम्मीदवार अपने मूल दस्तावेजों और ड्राइविंग लाइसेंस के साथ आज 'जारी बस स्टेशन' और आने वाले दिनों में निर्धारित केंद्रों पर पहुंच सकते हैं, जहां मौके पर ही दस्तावेजों की जांच और ड्राइविंग टेस्ट के बाद प्रशिक्षण के लिए चयन किया जाएगा।
Agniveer bharti 2026: 14 हजार अग्निवीरों की रैली
भारतीय सेना के मध्य कमान की ओर से कल, 6 फरवरी से लखनऊ के AMC सेंटर स्टेडियम में अग्निवीर भर्ती रैली का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस 15 दिवसीय रैली में उत्तर प्रदेश के 13 जिलों के लगभग 13,000 शॉर्टलिस्ट पुरुष अभ्यर्थी और 18 फरवरी को आयोजित होने वाली रैली में यूपी-उत्तराखंड की 1000 महिला अभ्यर्थी शामिल होंगी। रैली में केवल वही युवा हिस्सा ले पाएंगे जिन्होंने पिछले साल जुलाई में ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) पास किया है।
UP News: GBC 5.0 के जरिए बुंदेलखंड और छोटे शहरों को मिलेगी रफ्तार
योगी सरकार फरवरी के अंत या मार्च की शुरुआत में Ground Breaking Ceremony (GBC) 5.0 आयोजित करने की तैयारी में है, जिसका उद्देश्य 10 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारना है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के बाद होने वाले इस आयोजन में विशेष रूप से बुंदेलखंड क्षेत्र और बी-कैटेगरी के शहरों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा ताकि राज्य में संतुलित औद्योगिक विकास हो सके। इन्वेस्ट यूपी के आंकड़ों के अनुसार, पिछले सम्मेलनों के 16,000 प्रोजेक्ट्स में से 8,000 से अधिक पहले ही चालू हो चुके हैं और अब सरकार नए उद्यमियों को रियायतें देकर निवेश का नया रिकॉर्ड बनाने की ओर अग्रसर है।
Weather In UP: पछुआ हवाओं की दस्तक और नए विक्षोभ से बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग का अनुमान है कि 5 फरवरी को भी मौसम ड्राई बना रहेगा, लेकिन धूप निकलने के बावजूद राहत कम मिलेगी। उत्तर प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है, जहां पछुआ हवाओं के सक्रिय होने से अगले 3 दिनों में न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, 6 से 8 फरवरी के बीच 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली ठंडी हवाएं दिन की धूप के बावजूद कनकनी बढ़ाएंगी, जबकि 8 फरवरी के बाद सक्रिय होने वाला नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी यूपी में बारिश ला सकता है। फिलहाल, लखनऊ समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सुबह के समय कोहरे का असर बना रहेगा, जिससे तापमान 11 से 12 डिग्री के बीच सिमटने का अनुमान है।












Click it and Unblock the Notifications