UP Weather: लोगों को कड़ाके की ठंड से अभी नहीं मिलेगी राहत, देखें IMD का 7 दिन का ताजा अपडेट
UP Weather: उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में नए साल से ही कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कई जिलों में शीतलहर चल रही है और लोग काफी परेशान नजर आ रहे हैं। वाराणसी में सुबह घना कोहरा छाया रहा और दोपहर में भी सूरज नहीं निकला। ऐसे में ठंड अपना असर दिखा रही है।
Recommended Video
इसी तरह उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों में भी मौसम विभाग ने पहले ही अलर्ट जारी कर दिया था। दिसंबर के आखिरी हफ्ते में हुई बर्फबारी का असर नए साल में देखने को मिला। हवा चलने से ठंड बढ़ गई। कुछ जिलों में न्यूनतम तापमान काफी नीचे चला गया है।

हालात ये हैं कि पहने हुए गर्म कपड़े भी गल रहे हैं। ठंड के कारण बुजुर्गों, बच्चों और पशुओं को ज्यादा परेशानी हो रही है। कड़ाके की ठंड के कारण लोग अचानक सर्दी-खांसी और अन्य बीमारियों की चपेट में आ गए हैं। अस्पतालों में मरीजों की संख्या भी बढ़ गई है।
ऐसे में अब लोग यह जानना चाहते हैं कि ठंड का सितम कब तक जारी रहेगा और लोगों को इस ठंड से कब राहत मिलेगी। इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ ने गुरुवार दोपहर अगले 7 दिनों के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश को मिलेगी राहत
मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा 2 जनवरी से 8 जनवरी तक के मौसम का पूर्वानुमान जारी किया गया है। जारी पूर्वानुमान में पूर्वी उत्तर प्रदेश को राहत दिखाई दे रहा है जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम में कोई खास बदलाव नहीं होने वाला है।
आगामी 7 दिनों के अपडेट में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 6 जनवरी को दिन और रात में हल्की बारिश की संभावना है। हालांकि इस दिन पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम सामान्य रहेगा। ऐसे में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जनपदों में बरसात होने के बाद ठंड और बढ़ जाएगी।
कोहरे से 4 दिन मिलेगी राहत
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी ताजा अपडेट के मुताबिक गुरुवार को कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके अलावा पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लोगों को 3 जनवरी, 4 जनवरी, 5 जनवरी और 6 जनवरी को कोहरे से राहत मिलेगी। हालांकि 6 जनवरी के बाद फिर कोहरा शुरू हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications