UP SIR Draft List 2026: 18 जनवरी से पहले जरूर चेक करें ड्राफ्ट लिस्ट, नाम नहीं होने पर ऐसे दर्ज कराएं आपत्ति
UP SIR Draft List 2026: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision - SIR) अभियान के तहत मतदाताओं के लिए एक अहम जानकारी सामने आई है। चुनाव आयोग ने यूपी SIR ड्राफ्ट लिस्ट जारी कर दी गई है और चुनाव आयोग के निर्देश पर 18 जनवरी सभी पोलिंग बूथों पर बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) मतदाता सूची पढ़कर सुनाएंगे।
इससे पहले जरूरी है कि मतदाता वोटर लिस्ट में अपना नाम चेक कर लें और अगर नाम गायब हो तो समय रहते इस पर आपत्ति दर्ज करा सकें।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं, अपना नाम ध्यान से जांचें और किसी भी तरह की गलती होने पर समय रहते सुधार कराएं।
UP Draft Electoral Roll: ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होते ही मची खलबली
मंगलवार को राज्य निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी। इसके जारी होते ही प्रदेश भर में हलचल मच गई, क्योंकि बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से कटने की जानकारी सामने आई है। चुनाव आयोग के अनुसार, इस प्रक्रिया में करीब 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। इनमें मृत्यु, राज्य परिवर्तन, दोहरी प्रविष्टि, लंबे समय से अनुपस्थित रहना या निर्धारित समय में फॉर्म जमा न करना जैसे कारण शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश में यह विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 4 नवंबर 2025 से शुरू होकर 26 दिसंबर 2025 तक चला। इस दौरान कई बार इसकी समय-सीमा भी बढ़ाई गई। इस प्रक्रिया में प्रदेश के करीब 15.44 करोड़ मतदाताओं की गहन जांच की गई। चुनाव आयोग की ओर से अब हटाए गए मतदाताओं को नोटिस भेजे जाएंगे। ऐसे मतदाता 6 फरवरी तक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।
18 जनवरी को क्या होगा खास?
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने वीडियो कॉफ्रेंसिंग के जरिए सभी BLO को बताया कि जिन मतदाताओं का पता नहीं चल सका, जो लापता पाए गए या जिनके नाम सूची से हटाए गए हैं, उन्हें दोबारा नाम जुड़वाने के लिए आवश्यक दस्तावेज देने होंगे। ऐसे मतदाता अगर 2003 की SIR सूची में शामिल होने का प्रमाण या चुनाव आयोग द्वारा मान्य कोई अन्य दस्तावेज प्रस्तुत करते हैं, तो उनका नाम दोबारा जोड़ा जा सकता है।
- 18 जनवरी, रविवार को प्रदेश के हर पोलिंग बूथ पर बीएलओ मौजूद रहेंगे
- बीएलओ मतदाता सूची पढ़कर सुनाएंगे
- मतदाता मौके पर ही अपना नाम जांच सकेंगे
- गलतियों या नाम कटने की स्थिति में तुरंत आपत्ति दर्ज कराने की जानकारी मिलेगी
- चुनाव आयोग ने बीएलओ को मिशन मोड में काम करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।
How to Check Your Name in Voter List: ड्राफ्ट लिस्ट में ऐसे चेक करें नाम
अगर आप ऑनलाइन अपना नाम जांचना चाहते हैं तो नीचे दिए गए स्टेप्स फॉलो करें-
- सबसे पहले वोटर सर्विस पोर्टल की वेबसाइट पर जाएं
- https://voters.eci.gov.in/
- यहां 'Special Intensive Revision (SIR)-2026' पर क्लिक करें
- 'Search your name in Last SIR' विकल्प चुनें
नाम दो तरीकों से खोजा जा सकता है-
- चुनावी विवरण (Electoral Details) के जरिए
- अंतिम SIR ई-रोल के जरिए
- राज्य, जिला, विधानसभा, पोलिंग स्टेशन और नाम भरें
- कैप्चा भरकर Search पर क्लिक करें
- इसके अलावा मतदाता ECINET मोबाइल ऐप के जरिए भी सूची देख सकते हैं।
How to File Objection Voter List: अगर नाम नहीं है तो कैसे दर्ज करें आपत्ति?
यदि ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में आपका नाम नहीं है, तो घबराने की जरूरत नहीं। आप फॉर्म-6 भरकर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। यह फॉर्म voters.eci.gov.in पर ऑनलाइन या ECINET ऐप के माध्यम से या ऑफलाइन अपने बीएलओ से संपर्क करके जमा किया जा सकता है। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि तय समय के भीतर आपत्ति दर्ज कराने पर मामलों का निपटारा किया जाएगा।
मतदाताओं से खास अपील...
चुनाव आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे 18 जनवरी को अपने बूथ पर जरूर जाएं। इससे पहले सभी वोटर मतदाता सूची में अपना नाम जांचें और किसी भी तरह की गलती या नाम कटने की स्थिति में तुरंत सुधार कराएं। यह प्रक्रिया इसलिए जरूरी है ताकि आगामी चुनावों में कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।












Click it and Unblock the Notifications