UP Politics: केशव मौर्य का सपा-कांग्रेस पर हमला, कहा- 'ये पार्टियां पिछड़ों और दलितों की दुश्मन'
UP Politics: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि ये दोनों पार्टियां पिछड़े और दलित समाज की असली दुश्मन हैं। मौर्य ने कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वहां मुसलमानों को सरकारी ठेकेदारी में 4% आरक्षण दिया गया है, जो एक गलत और भेदभावपूर्ण फैसला है।
हरदोई के गोपामऊ विधानसभा क्षेत्र के मुरादपुर गांव में सम्राट अशोक जयंती के अवसर पर आयोजित ग्राम चौपाल कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ने जनता को संबोधित किया। उन्होंने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस सिर्फ पिछड़ों और दलितों के वोट लेकर सत्ता की मलाई खाना चाहती हैं, लेकिन असल में इनके लिए कोई काम नहीं करतीं।

केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि कर्नाटक में मुसलमानों को सरकारी ठेकेदारी में 4% आरक्षण देने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने इसे अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और दलितों के साथ अन्याय बताया। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की अल्पसंख्यक तुष्टिकरण की राजनीति का उदाहरण है, जो देश की एकता और संविधान की भावना के खिलाफ है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सपा और कांग्रेस की नीतियां हमेशा से पिछड़ों के खिलाफ रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सपा-कांग्रेस ने कभी ओबीसी, दलितों और आदिवासियों के उत्थान के लिए कोई ठोस योजना क्यों नहीं बनाई?
अखिलेश यादव पर तीखा हमला
डिप्टी सीएम ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) सिर्फ एक दिखावा है, जबकि असल में सपा हमेशा परिवारवाद और गुंडाराज को बढ़ावा देती रही है।
डिप्टी सीएम ने कि अखिलेश यादव 2027 के चुनावों की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि 2047 तक भी सपा का नंबर नहीं आएगा। उत्तर प्रदेश की जनता सपा के गुंडाराज को भलीभांति जानती है और अब वह इस जाल में फंसने वाली नहीं है।
अखिलेश सरकार थी अपराधियों की संरक्षक
डिप्टी सीएम ने अखिलेश यादव की पूर्ववर्ती सरकार को अपराधियों का संरक्षक बताते हुए कहा कि सपा शासन में अपराधियों को संरक्षण दिया जाता था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार माफियाओं, अपराधियों और दंगाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है, जिससे अखिलेश यादव परेशान हो रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार में अपराधियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की जाती है, जबकि सपा सरकार में अपराधियों को खुली छूट दी जाती थी। अखिलेश यादव के हालिया ट्वीट्स पर कटाक्ष करते हुए मौर्य ने कहा कि सपा प्रमुख सिर्फ सोशल मीडिया पर राजनीति कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications