UP Nikay Chunav 2023: निकाय चुनाव में गड़बड़ी फैलाई तो लगेगा NSA, 1.75 लाख पुलिसकर्मियों की होगी तैनाती
उत्तर प्रदेस निकाय चुनाव में इस बार गड़बड़ी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाया जाएगा। इस दौरान सरकार पूरी सख्ती बरतेगी और गड़बड़ी फैलाने वाले तत्वों पर पुलिस की नजर रहेगी।

UP Nikay Chunav 2023: उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव का बिगुल बज गया है। चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल अपनी तैयारियों में जुटे हुए हैं। वहीं दूसरी तरफ प्रशासन ने भी अपनी तैयारियों को अमली जामा पहनाने की कवायद शुरू कर दी है। प्रशासनिक अधिकारयों की माने तो इस बार सरकार काफी सख्त होने जा रही है इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि चुनाव में किसी तरह से बाधा फैलाने वालों के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई की जाएगी।
राज्य में होगी 1.75 लाख पुलिसकर्मियों की तैनाती
उत्तर प्रदेश पुलिस 4 मई और 11 मई को राज्य में होने वाले शहरी स्थानीय निकाय (यूएलबी) चुनावों के लिए राज्य भर में 1.75 लाख पुलिसकर्मियों को तैनात करेगी। चुनाव के शांतिपूर्ण संचालन के लिए सीएपीएफ (केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल) की 70 कंपनियां राज्य को आवंटित की गई हैं।
2017 के मुकाबले 20 फीसदी ज्यादा बने मतदान केंद्र
इस बार के चुनाव के लिए कुल 13,457 मतदान केंद्र और 43,263 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जो 2017 के मुकाबले 20 फीसदी अधिक है। विशेष पुलिस महानिदेशक, कानून व्यवस्था, प्रशांत कुमार ने कहा कि 2023 में यूएलबी चुनावों के सफल संचालन के लिए पुलिस मुख्यालय स्तर पर एक चुनाव प्रकोष्ठ स्थापित किया गया है।
आचार संहिता का कड़ाई से होगा अनुपालन
प्रशांत कुमार ने कहा, "2023 के चुनाव आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करते हुए कोविड-19 के दिशा-निर्देशों के अनुसार कराए जाएंगे।" कुमार ने कहा कि पिछले चुनावों के दौरान चुनाव संबंधी हिंसा की घटनाओं में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी।
अवांछनीय तत्वों पर रहेगी नजर
उन्होंने कहा, "चुनाव बाधित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ गैंगस्टर्स एक्ट, एनएसए और गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया सेल को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि वर्चुअल माध्यमों पर कोई आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री प्रसारित न हो।
यहां होगी पहले चरण की वोटिंग
शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा, मैनपुरी, झांसी, जालौन, ललितपुर, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, उन्नाव, हरदोई, लखनऊ, रायबरेली, सीतापुर, लखीमपुरखीरी, गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, गोरखपुर देवरिया, महाराजगंज, कुशीनगर, गाजीपुर, वाराणसी, चंदौली व जौनपुर में पहले चरण में वोटिंग होगी।
इन जिलों में दूसरे चरण की वोटिंग
मेरठ, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, बागपत, बुलंदशहर, बदायूं, शाहजहांपुर, बरेली, पीलीभीत, हाथरस, कासगंज, एटा, अलीगढ़, कानपुर नगर, कानपुर देहात, फर्रुखाबाद, इटावा, कन्नौज औरैया, हमीरपुर, चित्रकूट, महोबा, बांदा, अयोध्या, सुलतानपुर, अंबेडकरनगर, बाराबंकी, अमेठी, बस्ती, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, सोनभद्र, भदोही व मीरजापुर में 11 मई को वोटिंग होगी।











Click it and Unblock the Notifications