UP News: यूपी के युवकों के सपनों को नई उड़ान दे रही योगी सरकार, जानिए कैसे
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ की सरकार यूपी में रोजगार के लिए कई कदम उठा रही है।
CM Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि राज्य सरकार ने युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य फाॅरेन्सिक विज्ञान संस्थान की स्थापना करने का निर्णय लिया। इसी के अनुरूप इसका पहला सत्र प्रारम्भ हो रहा है। इंस्टीट्यूट की आधारशिला वर्ष 2021 में रखी गयी थी। वर्तमान में इसका निर्माण युद्धस्तर पर हो रहा है। शीघ्र ही यह बनकर तैयार हो जाएगा। इंस्टीट्यूट के उद्घाटन की तैयारी भव्यता के साथ चल रही है।

योगी ने फोरेंसिंक साइंस के छात्रों से किया संवाद
मुख्यमंत्री ने अपने आवास पर देर रात उत्तर प्रदेश राज्य फोरेन्सिक विज्ञान संस्थान के प्रथम शैक्षणिक सत्र 2023-24 के छात्र-छात्राओं से संवाद के अवसर पर यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि आप सभी विद्यार्थी इस संस्थान की नींव हैं। सभी विद्यार्थियों ने प्रदेश के पहले फोरेन्सिक इंस्टीट्यूट में दाखिला लेकर अपने कैरियर को आगे बढ़ाने में रुचि ली है। उनमें से अनेक के लिए यह नया क्षेत्र है। भविष्य इसी क्षेत्र का है। इसमें कैरियर की अनेक सम्भावनाएं हैं।
यूपी में शुरू हो रहा है फोरेंसिक साइंस का पहला बैच
उन्होंने कहा कि 5 पाठ्यक्रमों के साथ उत्तर प्रदेश राज्य फोरेन्सिक विज्ञान संस्थान का पहला बैच प्रारम्भ होने जा रहा है। वर्तमान सत्र से संस्थान में बीएससी, एमएससी तथा डिप्लोमा के पाठ्यक्रम संचालित किये जा रहे हैं। आने वाले समय में संस्थान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा मशीन लर्निंग सहित न्यू एज कोर्सेज प्रारम्भ किये जाएंगे। यह संस्थान विश्व स्तर का हो और इसकी ख्याति अच्छी हो इसके लिए संस्थान की फैकल्टी तथा अधिकारियों द्वारा प्रथम बैच की नींव को तैयार किया जाना है।
फोरेंसिक संस्थान को विश्वस्तरीय बनाएगी सरकार
गृह विभाग तथा संस्थान के अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि इस संस्थान को विश्वस्तरीय संस्थान के रूप में स्थापित किया जाए। इनमें उसी प्रकार के कोर्सेज प्रारम्भ किये जाएं। इसके लिए देश के अच्छे संस्थानों के साथ फोरेन्सिक विज्ञान संस्थान के एम0ओ0यू0 हो रहे हैं तथा उन्हें जोड़ा जा रहा है।
अच्छी फैकल्टी का चयन किया जा रहा
योगी ने कहा कि संस्थान के लिए अच्छी फैकल्टी का चयन किया जा रहा है। संस्थान का संचालन उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा किया जा रहा है। फोर्स का पहला नियम अनुशासन होता है। संस्थान की सामान्य कार्ययोजना सहित सभी कार्यों के लिए जवाबदेही तय होनी चाहिए। संस्थान को देश-विदेश में ख्याति दिलाने के लिए प्रथम दिन से ही प्रयास किये जाने चाहिए। सभी के अनुशासन और संस्थान की आन्तरिक व्यवस्था के सुचारु संचालन से संस्थान मजबूती के साथ आगे बढ़ेगा।
समाचार पत्रों का रिफरेंस लेकर उठाए जा रहे कदम
सीएम ने कहा कि स्टडी के लिए एनसीआरबी तथा विभिन्न समाचार-पत्रों का रिफरेंस लिया जा सकता है। संवाद से भी अनेक तथ्य सामने आ सकते हैं। यह सभी विद्यार्थियों को फाॅरेन्सिक के क्षेत्र में कार्य करने के लिए रचनात्मकता भी प्रदान करेगा। आप सभी को साक्ष्यों की वैज्ञानिक तरीके से जांच करनी है। इसमें आपकी स्टडी या रिसर्च बहुत उपयोगी हो सकते हैं। आगे चलकर रिसर्च को और विशिष्ट बनाते हुए उसका पेटेंट भी कराया जा सकता है। रिसर्च में नयापन होना चाहिए। इस दृष्टि से आपके लिए नया अवसर है।












Click it and Unblock the Notifications