UP News: फारुख़ अब्दुल्ला पर बरसे योगी आदित्यनाथ, कहा- इनके बयान आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले हैं
UP News: यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को मिश्रिख संसदीय क्षेत्र में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों पर बीजेपी और एनडीए की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि यूपी की जनता तीसरी बार भी मोदी सरकार के लिए संकल्पित है। योगी ने इस सभा में कांग्रेस समेत इंडी गठबंधन में शामिल दलों पर जमकर हमला बोला।
चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश की जनता मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना चाहती है, क्योंकि उन्होंने देश की सीमाओं को सुरक्षित किया है। वह भारत को दुनिया की आर्थिक शक्ति बना रहे हैं। रेल, रोड, हाइवे, एयरपोर्ट समेत तमाम आधारभूमि सुविधाएं बढ़ाई है। उन्होंने गरीब कल्याण में कोई कसर नहीं छोड़ी है।

फारुख़ अब्दुल्ला पर किया पलटवार
सीएम योगी आदित्यनाथ ने चुनावी सभा से पूर्व लखनऊ में नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारुख़ अब्दुल्ला के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि विपक्षी नेताओं के पैरों के तले जमीन खिसक गई है। यह लोग हताशा और निराशा में ऐसे बयान देते हैं, जिससे खुश होकर पाकिस्तानी नेता राहुल गांधी और उनके नेताओं के समर्थन करते हैं।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, इंडी गठबंधन के लोग देश में विखंडन की स्थिति पैदा करना चाहते हैं, यह गठबंधन शुरू से विवादस्पद है। कांग्रेस हो या नेशनल कॉन्फ्रेंस या फिर समाजवादी पार्टी हो, इनके बयान आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले, राष्ट्रीय सुरक्षा के खिलाफ और सैनिकों की शहादत को अपमानित करने वाले होते हैं।
ज्ञात हो कि फारुख अब्दुल्ला ने अपने एक बयान में कहा है कि अगर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कह रहे हैं तो आगे बढ़ें, हम रोकने वाले कौन होते हैं, लेकिन वह याद रखें, पाक ने भी चूड़ियां नहीं पहनी हैं, उनके पास भी परमाणु बम हैं, और दुर्भाग्य से, वह परमाणु बम हमारे ऊपर ही गिरेगा।
सपा पर लगाया अम्बेडकर के अपमान का आरोप
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में लोग भूखों मरते थे, लेकिन भारत सरकार आज 80 करोड़ आबादी को फ्री में राशन दे रही है। सात करोड़ लोगों को 5 लाख तक मुफ्त में इलाज दिया जा रहा है, किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि समाजवादी आतंकवादी समर्थक पार्टी है। कचेहरी में हमले करने वाले अपराधियों के मुकदमा वापस लेने का प्रस्ताव सपा सरकार ने दिया था। योगी ने जनता से पूछा कि क्या ऐसे लोगों को अपना वोट देना चाहिए? कांग्रेस पर बाबा साहब के अपमान का आरोप लगाते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस ने डॉ भीमराव अम्बेडकर को कभी महत्व नहीं दिया।












Click it and Unblock the Notifications