UP Health News: युवक-युवती ने ऑपरेशन थिएटर को बनाया मजाक, सर्जरी के बीच मस्ती का वीडियो वायरल, जांच शुरू
UP Health News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। वीडियो में एक युवक बिना किसी मेडिकल ड्रेस या सुरक्षा मानकों के बीच एक ऑपरेशन करता दिखाई दे रहा है। अस्पताल का ऑपरेशन थिएटर गंदगी से भरा नजर आ रहा है और स्टाफ हंसी-मजाक कर रहे हैं।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने इस मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों ने कहा है कि दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

लोग सवाल कर रहे हैं कि क्या निजी अस्पतालों में मरीजों की जान से इस तरह खिलवाड़ किया जा रहा है? फिलहाल अब इस पूरे मामले की जांच के बाद ही मामला स्पष्ट हो पाएगा। वहीं वीडियो को देखकर लोगों में साफ नाराजगी देखी जा रही है।
ऑपरेशन थिएटर की हालत बेहद खराब
करीब 24 सेकंड के इस वीडियो में ऑपरेशन थिएटर की हालत बेहद खराब नजर आ रही है। दीवारें मैली हैं, ज़मीन पर धूल है और सैनिटाइजेशन का नामो-निशान नहीं दिखता। युवक अपने कुछ सहयोगियों के साथ बिना किसी मेडिकल प्रोटोकॉल के ऑपरेशन कर रहा है।
वीडियो में एक युवती भी दिख रही है। दावा किया जा रहा है कि युवती एमबीबीएस की छात्रा है। वहीं, दावा यह भी है कि ऑपरेशन कर रहा युवक कथित रूप से अस्पताल का एमडी (मैनेजिंग डायरेक्टर) बताया जा रहा है।
सीएमओ ने दिए जांच के आदेश
सीएमओ ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच टीम गठित कर दिया है। बताया जा रहा है कि पहले यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह वीडियो किस अस्पताल का है।
जांच टीमों को निर्देश दिया गया है कि वीडियो की लोकेशन, शामिल लोगों की पहचान और नियमों के उल्लंघन की पुष्टि करते हुए रिपोर्ट जल्द सौंपें। विभाग ने साफ कहा है कि लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई तय है।
मेडिकल गाइडलाइंस की उड़ाई गई धज्जियां
वीडियो में जो हालात दिख रहे हैं, वे किसी भी मेडिकल गाइडलाइन के अनुरूप नहीं हैं। ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों और सहयोगियों की लापरवाही से ऐसा प्रतीत होता है कि मरीज की जान को खतरे में डाला गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अगर जांच में यह वीडियो लखीमपुर खीरी का ही पाया गया और मेडिकल प्रोटोकॉल की अनदेखी हुई है, तो दोषियों पर न सिर्फ केस दर्ज किया जाएगा बल्कि लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications