UP Electricity News: यूपी में बिजली बिल का नया नियम लागू! कब आएगा पेमेंट का मैसेज? बकाया पर मिलेगी बड़ी राहत
UP Electricity New Bill Rules: उत्तर प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं (Electricity consumers) के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। प्रदेश की योगी सरकार ने स्मार्ट प्रीपेड मीटरों को लेकर जनता के बीच बढ़ रहे असंतोष और तकनीकी दिक्कतों पर कड़ा संज्ञान लेते हुए इस व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से समाप्त करने का निर्णय लिया है। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बिजली बिलिंग की नई गाइडलाइन जारी कर दी है, जिससे अब उपभोक्ताओं को बिजली कटने के डर से मुक्ति मिलेगी। आइए जानते हैं मंत्री ने क्या कहा और उत्तर प्रदेश में अब बिलिंग की क्या व्यवस्था रहेगी?
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने स्पष्ट किया है कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए प्री-पेड मीटर की व्यवस्था खत्म की जा रही है। अब प्रदेश के सभी स्मार्ट मीटर पोस्ट-पेड मोड पर काम करेंगे।

नई व्यवस्था की 10 बड़ी बातें:
1. पोस्ट-पेड हुए स्मार्ट मीटर: अब सभी स्मार्ट मीटर सामान्य पोस्ट-पेड मीटर की तरह ही चलेंगे। यानी पहले बिजली का इस्तेमाल करें, फिर भुगतान।
2. प्री-पेड व्यवस्था का अंत: प्रदेश में प्री-पेड मीटरिंग की जटिल व्यवस्था को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है।
3. बिल आने का समय: महीने की 1 तारीख से 30 तारीख तक का बिल अगले 10 दिनों के भीतर आपके पास पहुंच जाएगा। यह बिल एसएमएस (SMS) या वॉट्सऐप (WhatsApp) के जरिए भेजा जाएगा।
4. समय सीमा में भुगतान: बिल मिलने के बाद विभाग द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर उपभोक्ताओं को बिल जमा करना होगा।
5. नंबर अपडेट कराना जरूरी: उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे अपना चालू मोबाइल नंबर विभाग के पास अपडेट करा लें ताकि बिल और बिजली संबंधी सूचनाएं समय पर मिल सकें।
6. नहीं कटेगी बिजली: विभाग को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि महीने के दौरान किसी भी स्थिति में उपभोक्ता की बिजली नहीं काटी जाएगी।
7. बकाया बिल पर राहत: जिन उपभोक्ताओं का पुराना बिल बकाया है, उन्हें बड़ी राहत देते हुए सरकार ने उसे 10 आसान किश्तों में भरने की सुविधा दी है।
8. मीटर बदलने पर रोक: फिलहाल पुराने मीटरों को हटाकर नए स्मार्ट-प्रीपेड मीटर लगाने का काम पूरी तरह स्थगित कर दिया गया है।
9. शिकायतों का त्वरित समाधान: अगर हाल में लगे स्मार्ट मीटरों में कोई गड़बड़ी है, तो उसका समाधान विभाग की प्राथमिकता सूची में रहेगा।
10. गर्मी में निर्बाध आपूर्ति: भीषण गर्मी को देखते हुए शक्ति भवन में बैठक कर निर्देश दिए गए हैं कि बिजली आपूर्ति में कोई बाधा न आए और लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
पुराने मीटर ही बने रहेंगे आधार
सरकार ने साफ कर दिया है कि जिनके घरों में पुराने मीटर लगे हैं, उन्हें फिलहाल बदलने की जरूरत नहीं है। वहीं, जिनके घरों में प्रीपेड स्मार्ट मीटर लग चुके थे, उन्हें सॉफ्टवेयर के जरिए पोस्ट-पेड में बदल दिया जाएगा। इससे उपभोक्ताओं को बिल जमा करने के लिए पर्याप्त समय मिलेगा और अचानक बिजली कटने की समस्या खत्म हो जाएगी।
अखिलेश यादव का ट्वीट: 'ये जनशक्ति की जीत है'
यूपी में प्रीपेड मीटर व्यवस्था खत्म होने के फैसले पर अखिलेश यादव ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि, 'प्रीपेड मीटर की भ्रष्टाचारी व्यवस्था का हम सबका विरोध आख़िरकार दंभी सरकार को झुका गया है। ये जनशक्ति की जीत है। उप्र की जागरूक जनता भाजपा का अत्याचार और भ्रष्टाचार और नहीं सहेगी।'
सपा सुप्रीमो ने आगे लिखा कि, 'प्रीपेड मीटर के बहान जो बढ़े बिल जनता से वसूले गये हैं, उनका तार्किक समायोजन अगले बिलों में किया जाए। जब एआई का प्रयोग वोटर लिस्ट से नाम काटने में हो सकता है तो लॉजिकल एडजेस्टमेंट के लिए क्यों नहीं। बिजली के बिल से जो पैसा जनता से लिया गया है, वो भाजपा की लूट का माल है, जो जनता को लौटाना ही पड़ेगा। नहीं तो हम सब मिलकर एक और नया आंदोलन करेंगे।'














Click it and Unblock the Notifications