UP: पिता मुलायम और चाचा शिवपाल के साथ इटावा पहुंचे अखिलेश, दिया 'हम साथ-साथ हैं' का संदेश
लखनऊ, 17 फरवरी। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक पार्टियां रैलियों में खूब पसीना बहा रही है। तीसरे चरण की तैयारियों के बीच गुरुवार को समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने बस यात्रा निकाली। यूपी में बीजेपी के खिलाफ सपा के सामने कई चुनौतियां से जिससे निपटने के लिए अब अखिलेश यादव ने इटावा में प्रचार के लिए सिर्फ पिता मुलायम को ही नहीं, बल्कि चाचा शिवपाल सिंह यादव को भी साथ ले लिया। बस के अंदर से सामने आई तस्वीरों में तीनों को एक साथ देखा जा सकता है।

इटावा पहुंचे अखिलेश यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'पहले और दूसरे चरण में सपा के गठबंधन ने जिस तरह शतक लगाया है वैसे ही तीसरे और चौथे चरण के बाद भी एक और शतक लग जाएगा। यहां के सभी लोग बदलाव चाहते हैं।' अपने बयान में अखिलेश यादव ने यह भी दावा किया कि अब की बार यूपी में सपा सरकार आने वाली है। उन्होंने कहा, 'चाचा के आने से अब मामला ठीक हो गया है। विधानसभा चुनाव से पहले चाचा के साथ आने से समाजवादी पार्टी को फायदा मिलेगा।' बस में जहां अखिलेश और मुलायम सिंह यादव एक-दूसरे के साथ बैठे नजर आए, वहीं चाचा शिवपाल कभी दोनों के बीच में तो पीछे खड़े नजर आ रहे हैं। इस बीच बस के बाहर काफी समर्थकों को भीड़ जमा थी। बारी-बारी से सपा प्रमुख और मुलायम-शिवपाल हाथ हिलाकर उनका अभिवादन कर रहे थे।
यह भी पढ़ें: 'अपर्णा मुलायम परिवार में सबसे योग्य हैं, अखिलेश चाहें तो बहस करके देख लें' , CM योगी ने दी चुनौती
बता दें कि बुधवार को भी अखिलेश यादव ने कन्नौज के तिरवा में एक जनसभा को संबोधित किया था, जहां उन्होंने बीजेपी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा था, 'पहले और दूसरे चरण के मतदान में ही सपा और सपा के गठबंधन ने शतक लगा लिया है और अगर कन्नौज और तीसरे चरण में अपने लोगों का समर्थन मिला तो बीजेपी इतना पीछे छूट जाएगी कि तीसरे चरण से लेकर सातवें चरण तक इनके बूथों में कोई दिखेगा नहीं। भाजपा धोखेबाज और झूठे हैं। बीजेपी हमें बदनाम करना चाहते हैं क्योंकि हम लोग काम करने वाले हैं और समाज में खुशहाली लाने वाले हैं।'












Click it and Unblock the Notifications