'अपर्णा मुलायम परिवार में सबसे योग्य हैं, अखिलेश चाहें तो बहस करके देख लें' , CM योगी ने दी चुनौती
लखनऊ, 17 फरवरी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव को चुनौती दी है कि अगर वह खुद को योग्य मानते हैं तो अपर्णा यादव से बहस करके देख लें। टीवी पर एक इंटरव्यू के दौरान मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव को बीजेपी में शामिल करने को लेकर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वह यादव परिवार की बहू बनने से पहले भी सामाजिक कार्यों से जुड़ी रही हैं। 20 से ज्यादा परिवार के सदस्य थे, लेकिन हमने अपर्णा यादव को ही लिया, क्योंकि वह उनमें सबसे ज्यादा योग्य थीं। मुख्यमंत्री ने कहा, अपर्णा यादव परिवार में सबसे योग्य थीं, इसलिए हम उन्हें भाजपा में ले आए। अखिलेश यादव यदि अपर्णा यादव से बहस कर लें तो पता चल जाएगा कि किसकी योग्यता ज्यादा है।

अपर्णा टिकट के लिए BJP में नहीं आयीं: सीएम योगी
बता दें, मुलायम परिवार की सबसे छोटी बहू अपर्णा यादव ने हाल ही में बीजेपी का दामन थाम लिया था। अपर्णा यादव का बीजेपी में जाना मुलायम परिवार केर लिए बहुत बड़ा झटका था। अपर्णा को बीजेपी में लाने को लेकर सीएम योगी ने कहा कि वो मुलयाम परिवार में सबसे योग्य हैं। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को चुनौती भी दी कि वो चाहें तो अपर्णा से बहस करके देख लें। उन्होंने कहा कि वो टिकट के लिए बीजेपी नहीं आयीं, पार्टी ने उन्हें टिकट भी नहीं दिया।

सीएम योगी शिवपाल पर तंज, कहा- उनकी स्थिति न घर की है, न घाट की है
सीएम योगी ने शिवपाल सिंह यादव भी तंज कसा। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, "उनकी स्थिति न घर की है, न घाट की है। इससे पहले भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा था कि राजतंत्र में राजा का बड़ा बेटा ही राजा होता था बाकी बेटों भाइयों को गुजारा भत्ता मिलता था। इसी तरह मुलायम राजा थे और उनका बेटा अखिलेश ही राजा बना। शिवपाल यादव को सिर्फ गुजारा भत्ता मिलता है।

20 फरवरी को तीसरे चरण का मतदान
उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर कुल सात चरणों में मतदान होना है। पहले चरण का मतदान 10 फरवरी और दूसरे चरण का मतदान 14 फरवरी को हो चुका है। 20 फरवरी को तीसरे चरण का, 23 फरवरी को चौथे चरण, 27 फरवरी को पांचवें चरण, 3 मार्च को छठे चरण और 7 मार्च को सातवें चरण का मतदान होगा। वोटों की गिनती 10 मार्च को होगी।












Click it and Unblock the Notifications