UP: पहले हर साल होती थी 1500 बच्चों की मौत, सीएम योगी ने कहा- अब जड़ से खत्म हुआ इंसेफेलाइटिस
UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश में इंसेफेलाइटिस नाम की बीमारी को जड़ से खत्म कर दिया गया है। इस साल इस बीमारी से किसी भी बच्चे की मौत नहीं हुई है।
डॉ.राम मनोहर लोहिया विज्ञान संस्थान के चौथे स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ कहा कि पहले हर साल 1200 से 1500 बच्चों की मौत होती थी, जिसमें अकेले गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में 500 से 700 मौतें होती थीं।

यह क्रम पिछले 40 सालों से चल रहा था। इस दौरान 50 हजार बच्चों की मौतें हुई। लेकिन, पिछली सरकारों का इससे कोई लेना-देना नहीं था। सीएम ने कहा कि जब इसे रोकने के लिए सुविधा देनी होती थी तो वह भ्रष्टाचार में लिप्त हो जाते थे।
उन्होंने कहा कि अब कोई बच्चा इस बीमार से नहीं मरेगा। कहा कि मैंने सांसद रहते हुए सड़क से लेकर सदन तक इंसेफेलाइटिस को लेकर मुद्दा उठाया, जिसके बाद काम शुरू हुआ। इस दौरान सीएम योगी ने पीएम नरेंद्र मोदी को श्रेय भी दिया।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने इंफेसेलाइटिस पर लगाम लगाने के लिए गोरखपुर को एम्स दिया। वहीं, 2017 में मुख्यमंत्री बनने के बाद मैंने इस समस्या से निपटने की जिम्मेदारी ली। हमने प्रयास शुरू किए और 2019 तक हम स्थिति को नियंत्रित करने में सफल रहे।
आज पूर्वी उत्तर प्रदेश इंसेफेलाइटिस से मुक्त है, जो दृढ़ संकल्प और सामूहिक सहयोग का परिणाम है, जिसे कभी असंभव माना जाता था। उन्होंने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में हाल ही में किए गए सर्वेक्षणों से पुष्टि हुई है कि इस साल इंसेफेलाइटिस से किसी भी बच्चे की मौत नहीं हुई है।
सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश 'एक जिला-एक मेडिकल कॉलेज' की दृष्टि को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और पांच से सात वर्षों के भीतर राज्य में डॉक्टरों की कोई कमी नहीं होगी। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य सेवा पहलों में देश में सबसे आगे है, जहाँ 5.11 करोड़ से अधिक 'आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड' जारी किए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications